IND vs NZ 4th ODI: श्रेयस अय्यर ने जीता टॉस, भारत ने चुनी गेंदबाजी; प्लेइंग XI में 3 बड़े बदलाव

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

बे ओवल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा वनडे मुकाबला जारी। ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन और कुलदीप यादव की टीम में वापसी, न्यूजीलैंड ने किए छह बदलाव। पांच मैचों की सीरीज में टीम इंडिया 2-0 से आगे।

IND vs NZ 4th ODI: श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। भारत की प्लेइंग XI में ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन और कुलदीप यादव की एंट्री। जानें दोनों टीमों की Playing 11।

माउंट माउंगानुई। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का चौथा मुकाबला बे ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। मैच में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। टीम इंडिया इस मुकाबले में तीन बदलावों के साथ उतरी है। ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन और कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में जगह मिली है। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम ने अपनी अंतिम एकादश में छह बदलाव किए हैं।

टॉस जीतने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि टीम का इरादा लक्ष्य का पीछा करने का है। उनके मुताबिक पिच काफी सूखी नजर आ रही है और परिस्थितियों को समझना जरूरी होगा। भारतीय टीम इस मुकाबले को नॉकआउट मैच की तरह ले रही है। उन्होंने ऋतुराज, ईशान और कुलदीप की वापसी की भी जानकारी दी।

दूसरी ओर, न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि क्रिकेट खेलने के लिहाज से मौसम अच्छा है। पिच पर गति और उछाल मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि टीम में छह बदलाव किए गए हैं और खिलाड़ियों को मौका देना टीम की रणनीति का हिस्सा है।

सीरीज में भारत का दबदबा, 2-0 से आगे टीम इंडिया

पांच मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम फिलहाल 2-0 की बढ़त बनाए हुए है। सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को पांच विकेट से शिकस्त दी थी। वहीं, दूसरे वनडे में टीम इंडिया ने चार रन से रोमांचक जीत दर्ज की थी। तीसरा मुकाबला बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका था।

भारतीय गेंदबाजों ने अब तक सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है। खास तौर पर गुरनूर बरार ने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है। वह तीन मैचों में सात विकेट हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा अंशुल कंबोज और अर्शदीप सिंह ने भी अच्छी गेंदबाजी की है।

न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों की बढ़ी मुश्किलें

सीरीज में न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है। टीम शुरुआती दोनों वनडे मुकाबलों में 200 रन का आंकड़ा पार करने में नाकाम रही थी। हालांकि, दूसरे मैच में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए भारतीय बल्लेबाजों को चुनौती दी थी। ऐसे में चौथे मुकाबले में मेजबान टीम की कोशिश बल्लेबाजी में सुधार कर वापसी करने की होगी।

भारत और न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन

भारत की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, कुलदीप यादव, गुरनूर बरार और अर्शदीप सिंह।

न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), विल यंग, निक केली, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन, मैट हेनरी और मैथ्यू फिशर।

यह भी पढ़ेंः आईपीएल में बड़ा उलटफेर: हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह की ट्रेड कन्फर्म, पंजाब किंग्स ने बढ़ाई ऑलराउंडर की सैलरी

संबंधित समाचार