Women’s Volleyball League : थंडर्स के आगे नहीं टिक सकी मेजबान लखनऊ, बेंगलुरु ने 3-0 से दर्ज की एकतरफा जीत

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

मेजबान लखनऊ की टीम को 3-0 से हरा दिया। शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में बेंगलुरु की खिलाड़ियों ने आक्रामक अटैक, बेहतरीन तालमेल और मजबूत रक्षापंक्ति के दम पर तीनों सेट में अपना दबदबा कायम रखा।

प्रो महिला वॉलीबॉल लीग में इकाना स्टेडियम में बेंगलुरु थंडर्स ने मेजबान लखनऊ को 3-0 से हराया। अनाघा राधाकृष्णन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया और इलेक्ट्रिक स्कूटी देकर सम्मानित किया गया, जबकि इमर्जिंग प्लेयर भूमि को 10 हजार रुपये का चेक मिला।

लखनऊ, अमृत विचार। इकाना स्टेडियम में खेली जा रही प्रो महिला वॉलीबॉल लीग में बेंगलुरु थंडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान लखनऊ की टीम को 3-0 से हरा दिया। शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में बेंगलुरु की खिलाड़ियों ने आक्रामक अटैक, बेहतरीन तालमेल और मजबूत रक्षापंक्ति के दम पर तीनों सेट में अपना दबदबा कायम रखा।

मुकाबले का पहला सेट बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों के बीच एक-एक अंक के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। हालांकि, निर्णायक पलों में बेहतर खेल दिखाते हुए बेंगलुरु ने 21-19 से सेट अपने नाम कर लिया। अनाघा राधाकृष्णन ने शानदार अटैक से टीम को बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

दूसरे सेट में बेंगलुरु थंडर्स ने और आक्रामक तेवर दिखाए। जेसना के दमदार अटैक और खिलाड़ियों के मजबूत डिफेंस के सामने लखनऊ की टीम बेबस नजर आई। बेंगलुरु ने 21-13 से सेट जीतकर मुकाबले में 2-0 की बढ़त बना ली। तीसरे सेट में मेजबान लखनऊ ने वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक दी। दोनों टीमों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला, लेकिन बेंगलुरु की खिलाड़ियों ने दबाव में भी शानदार संयम दिखाया। आखिरकार 21-15 से सेट जीतकर बेंगलुरु ने मुकाबला 3-0 से अपने नाम कर लिया।

अनाघा को मिली इलेक्ट्रिक स्कूटी, भूमि को 10 हजार का चेक

मैच के बाद मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के महाधिवक्ता विनोद कुमार शाही और यूनिवर्सल के निदेशक हिमांशु सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। बेंगलुरु थंडर्स के चेयरमैन कुंवर अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि टीम की इमर्जिंग प्लेयर भूमि को 10 हजार रुपये का चेक दिया गया।

वहीं, शानदार प्रदर्शन करने वाली अनाघा राधाकृष्णन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया और पुरस्कार स्वरूप इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रदान की गई। टीम की चेयरमैन मंजू सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों का पूरा ध्यान अब फाइनल में जगह बनाने पर है। टीम इसी लक्ष्य के साथ आगे के मुकाबलों में उतरेगी।

ये भी पढ़ें :
BCCI का बड़ा ऐलान : न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज टीम में गुरनूर बराड़ की एंट्री, कुलदीप यादव की हुई छुट्टी, ऋषभ पंत भी जुड़े

संबंधित समाचार