Total Chess World Championship Tour: अर्जुन एरिगैसी ने हार के बाद की दमदार वापसी, बिबिसारा को दूसरी बाजी में हराया; प्रज्ञाननंदा-वैशाली को झटका
टोटल शतरंज विश्व चैंपियनशिप टूर की फास्ट क्लासिकल प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों का मिला-जुला प्रदर्शन, कारुआना ने प्रज्ञाननंदा को दोनों मुकाबलों में हराया, कार्लसन को अब भी पहली जीत का इंतजार
बुडापेस्टः भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी को टोटल शतरंज विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट की फास्ट क्लासिकल प्रतियोगिता में कम रेटिंग वाली बिबिसारा असाउबायेवा से पहली बाजी में हार का सामना करना पड़ा लेकिन उन्होंने दूसरी बाजी में कजाकिस्तान की इस खिलाड़ी को हराकर शानदार वापसी की।
एरिगैसी ने दूसरी बाजी जीतकर की वापसी
आर प्रज्ञाननंदा और आर वैशाली की भाई बहन की जोड़ी के लिए बृहस्पतिवार का दिन निराशाजनक रहा क्योंकि उन्हें अपने दोनों मैच में हार का सामना करना पड़ा। प्रज्ञाननंदा जहां फैबियानो कारुआना से हार गए, वहीं वैशाली को हैंस नीमन ने हराया। विश्व में 12वें नंबर के खिलाड़ी एरिगैसी ने सफेद मोहरों से खेलते हुए अच्छी शुरुआत की लेकिन बिबिसारा ने इसके बाद अपने प्यादों का अच्छा इस्तेमाल किया और पहला मुकाबला जीतने में सफल रही। बिबिसारा से 200 अधिक रेटिंग अंक वाले एरिगैसी ने हालांकि काले मोहरों से खेलते हुए जीत हासिल करके अच्छी वापसी की। इन दोनों खिलाड़ियों के ग्रुप डी में समान पांच पांच अंक हैं। इस ग्रुप में मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव और नीमन सबसे आगे हैं। इन दोनों के आठ-आठ अंक हैं।
वैशाली को भी दोनों मुकाबलों में मिली हार
वैशाली एक ड्रॉ और तीन हार के साथ ग्रुप डी में सबसे निचले पायदान पर है। प्रज्ञाननंदा ग्रुप बी में कारुआना से अपने दोनों मैच हार गए। कारुआना ने सफेद मोहरों से खेलते हुए प्रज्ञाननंदा के रक्षण में सेंध लगाने के लिए एक मोहरा कुर्बान किया और आसानी से जीत हासिल कर ली। इसके बाद उन्होंने काले मोहरों से खेलते हुए भी जीत दर्ज की। प्रज्ञाननंदा के अब केवल दो अंक है और वह ग्रुप में सबसे अंतिम स्थान पर हैं जबकि दो जीत से कारुआना के 10 अंक हो गए हैं जो ग्रुप में दूसरे स्थान पर काबिज लिएम ले से दो अंक अधिक हैं।
कार्लसन को अब भी पहली जीत का इंतजार
विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को फास्ट क्लासिकल में पहली जीत का इंतजार है क्योंकि ग्रुप सी में किशोर ग्रैंडमास्टर अभिमन्यु मिश्रा ने उन्हें दोनों मैच में ड्रॉ पर रोक दिया। कार्लसन ने अब तक अपने सभी चार फास्ट क्लासिकल मैच ड्रॉ किए हैं और उनके चार अंक हैं, जबकि मिश्रा के तीन अंक हैं।
यह भी पढ़ेंः IND vs NZ 4th ODI: श्रेयस अय्यर ने जीता टॉस, भारत ने चुनी गेंदबाजी; प्लेइंग XI में 3 बड़े बदलाव
