Barabanki News : दौड़, कबड्डी और कुश्ती में बच्चों ने दिखाया दम, बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज, डीएम ने किया शुभारंभ

Amrit Vichar Network
On

मैदान में बच्चों का दमदार प्रदर्शन, कहीं आराध्या तो कहीं शादाब ने मारी बाजी; डीएम ने गुब्बारे छोड़कर किया खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ

बाराबंकी पुलिस लाइन में दो दिवसीय जिला स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता शुरू हुई। डीएम ईशान प्रताप सिंह ने शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में 16 विकासखंडों के बच्चों ने हिस्सा लिया। दौड़, कुश्ती, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबाल में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

बाराबंकी, अमृत विचार। पुलिस लाइन में शुक्रवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का शुभारंभ डीएम ईशान प्रताप सिंह ने किया। उन्होंने गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। इस दौरान 16 विकासखंडों के बच्चों ने मार्चपास्ट में हिस्सा लिया। 

डीएम ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। उन्होंने बच्चों को मोबाइल और टीवी से दूर रहकर मैदान में खेलने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं में उच्च प्राथमिक बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में निंदूरा की आराध्या, 200 मीटर में फतेहपुर की आसिया बानो, खो-खो में सिरौली गौसपुर और वॉलीबाल में सिद्धौर की टीम विजेता रही। 

दौड़ और खो-खो में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी

बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में पूरेडलई के शादाब, 200 मीटर में दरियाबाद के सत्यदेव, कुश्ती में पूरेडलई के अरुण, फतेहपुर के मुकीम व अजीत और सिद्धौर के रामजी ने बाजी मारी। जूडो में फतेहपुर और निंदूरा के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। प्राथमिक बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में पूरेडलई के सत्यानाम, 200 मीटर में सूरतगंज के सचिन और 50 मीटर में सिरौली गौसपुर के राज प्रथम रहे। 

बालिका वर्ग में 100 व 200 मीटर दौड़ में पूरेडलई की अंशिका और 50 मीटर में सूरतगंज की राखी ने पहला स्थान हासिल किया। कबड्डी में सूरतगंज की टीम विजेता रही। उच्च प्राथमिक बालिका वर्ग की टीम स्पर्धा में सिरौली गौसपुर प्रथम और निंदूरा दूसरे स्थान पर रहा। बीएसए नवीन कुमार पाठक ने प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत की। 

कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र त्रिपाठी, रुद्र प्रताप पांडेय, महिमा सिंह और प्रदीप श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी मनीराम वर्मा, अंबिका प्रसाद ओझा, संजय राय, उपेंद्र सिंह, जितेंद्र बहादुर चौधरी, जिला व्यायाम शिक्षक अनिल सिंह, व्यायाम शिक्षिका रितु पाठक सहित शिक्षक संघों के पदाधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-Barabanki News : बाराबंकी में BLO और सुपरवाइजरों को दिया गया प्रशिक्षण, डीएम बोले- कोई पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से न छूटे

संबंधित समाचार