IPL 2020: डिविलियर्स के विस्फोट से जीता बेंगलुरु, राजस्थान को 7 विकेट से हराया

दुबई। मिस्टर 360 डिग्री के नाम से मशहूर एबी डिविलियर्स की छह छक्कों से सजी नाबाद 55 रन की तूफानी पारी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने राजस्थान रॉयल्स को शनिवार को सात विकेट से हराकर आईपीएल में नौ मैचों में छठी जीत हासिल कर ली। राजस्थान ने कप्तान स्टीवन स्मिथ (57) की शानदार …

दुबई। मिस्टर 360 डिग्री के नाम से मशहूर एबी डिविलियर्स की छह छक्कों से सजी नाबाद 55 रन की तूफानी पारी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने राजस्थान रॉयल्स को शनिवार को सात विकेट से हराकर आईपीएल में नौ मैचों में छठी जीत हासिल कर ली। राजस्थान ने कप्तान स्टीवन स्मिथ (57) की शानदार अर्धशतकीय पारी से 20 ओवर में छह विकेट पर 177 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया लेकिन डिविलियर्स के विस्फोटक छक्कों के सामने यह स्कोर बौना साबित हुआ।

बेंगलुरु ने 19.4 में तीन विकेट पर 179 रन बनाकर जीत अपने नाम की। मैन ऑफ द मैच डिविलियर्स ने मात्र 22 गेंदों में एक चौका और छह छक्के उड़ाते हुए नाबाद 55 रन ठोके और अकेले अपने दम पर टीम को जीत दिला दी। डिविलियर्स ने विजयी छक्का मारकर मैच समाप्त किया।

बेंगलुरु को आखिरी दो ओवरों में जीत के लिए 35 रन की जरूरत थी और डिविलियर्स के मैदान पर रहते टीम की उम्मीदें बनी हुई थीं। डिविलियर्स ने 19 वें ओवर में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट की पहली तीन गेंदों पर छक्के जड़ दिए। गुरकीरत सिंह ने पांचवीं गेंद पर चौका मारा। इस ओवर में 25 रन गए और बेंगलुरु के लिए अब लक्ष्य आसान हो गया।

डिविलियर्स ने आखिरी ओवर में जोफ्रा आर्चर की चौथी गेंद पर लम्बा छक्का मारकर मैच निपटा दिया। डिविलियर्स ने छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। डिविलियर्स ने इसके साथ ही 25 या उससे कम गेंदों में सर्वाधिक 12 अर्धशतक बनाने के हैदराबाद के कप्तान डेविड वार्नर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। डिविलियर्स के साथ गुरकीरत 17 गेंदों में एक चौके की मदद से 19 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 77 रन की मैच विजयी अविजित साझेदारी की।

बेंगलुरु के लिए ओपनर देवदत्त पडिकल ने 37 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 35 रन, आरोन फिंच ने 11 गेंदों में दो छक्कों के सहारे 14 रन और कप्तान विराट कोहली ने 32 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 43 रन बनाये। विराट का विकेट 14वें ओवर में 102 के स्कोर पर गिरा लेकिन इसके बाद डिविलियर्स ने अकेले अपने दम पर मैच समाप्त कर ही दम लिया।

इससे पूर्व राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्मिथ के 36 गेंदों में छह चौकों और एक छक्के की मदद से 57 रन की बदौलत बेंगलुरु को चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया लेकिन डिविलियर्स के छक्कों ने इस स्कोर को बौना बना दिया। राजस्थान को बेन स्टोक्स और रॉबिन उथप्पा ने अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी हुई।

स्टोक्स क्रिस मोरिस की गेंद पर एबी डीलियिर्स को कैच थमा बैठे और 19 गेंदों में दो चौके के सहारे सिर्फ 15 रन ही बना सके। स्टोक्स के आउट होने के बाद उथप्पा भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने उन्हें आरोन फिंच के हाथों कैच कराकर उनकी पारी का अंत किया। उथप्पा ने 22 गेंदों में सात चौकों और एक छक्के की मदद से 41 रन बनाए। पिछले कुछ मुकाबलों से विफल चल रहे संजू सैमसन का बल्ला इस मुकाबले में भी खामोश रहा और वह सिर्फ नौ रन ही बना सके। सैमसन ने छह गेंदों की अपनी पारी में एक छक्का लगाया।

मजबूत शुरुआत के बाद राजस्थान की पारी बीच में लड़खड़ा गयी लेकिन स्मिथ ने सधी हुई बल्लेबाजी कर टीम का स्कोर लड़ने लायक पहुंचा दिया। स्मिथ हालांकि 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर बाउंड्री लगाने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठे। शाहबाज अहमद ने बाउंड्री पर स्मिथ का बेहतरीन कैच पकड़ा।

राजस्थान की पारी में विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने 25 गेंदों में एक चौके तथा एक छक्के की मदद से 24, राहुल तेवतिया ने 11 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 19 रन बनाए जबकि जोर्फा आर्चर दो रन बनाकर राजस्थान की पारी की अंतिम गेंद पर आउट हुए। बेंगलुरु की ओर से क्रिस मोरिस सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 26 रन देकर चार विकेट और युजवेंद्र चहल ने चार ओवर में 34 रन देकर दो विकेट लिए।

About The Author: Amrit Vichar

Amrit Vichar (अमृत विचार) is one of leading hindi News Portal in Uttar Pradesh and Uttarakhand. Amrit Vichar brings you the latest and breaking news in Hindi from India and all over the world. We are in touch with our readers through various activities – Breaking News, Photo Gallery, YouTube Channel and Social Media. Our readers can read the e-version of our Daily Newspaper and weekly Magazine through an e-paper platform epaper.amritvichar.com. Recently Amrit Vichar is publishing from Bareilly, Lucknow, Moradabad and Haldwani (Kumaun).