संभल, अमृत विचार। जिले के असमोली क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बनी मस्जिद के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई बृहस्पतिवार को शुरू कर दी गई। कुतुबपुर सत्ता गांव में करीब 130 वर्ग मीटर सरकारी जमीन पर कथित रूप से अवैध निर्माण किए जाने का मामला सामने आया था। जांच के बाद प्रशासन ने निर्माण को अवैध घोषित करते हुए इसे हटाने का आदेश दिया था। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर 10 थानों की पुलिस के साथ पीएसी की एक प्लाटून भी लगाई गई है।
असमोली के पुलिस क्षेत्राधिकारी अमन सिंह ने बताया कि करीब सवा महीने पहले पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि थाना एचौड़ा कंबोह क्षेत्र के कुतुबपुर सत्ता गांव में आबादी की सरकारी जमीन पर मस्जिद का निर्माण कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी।
सीओ के मुताबिक, जांच में निर्माण सरकारी जमीन पर पाया गया। इसके बाद राजस्व विभाग की रिपोर्ट और जांच के आधार पर उप जिलाधिकारी (संभल) ने आदेश जारी कर पूरे निर्माण को अवैध घोषित किया और उसे ध्वस्त करने के निर्देश दिए। इसी आदेश के अनुपालन में बृहस्पतिवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई।
सवा महीने पहले मिली थी निर्माण की सूचना
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों ने करीब सवा महीने पहले सरकारी जमीन पर मस्जिद निर्माण की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच और प्रशासनिक आदेश के बाद अब निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है।
कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग की टीम के साथ पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर मौजूद रहे। सीओ अमन सिंह ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से चार थाना प्रभारियों के नेतृत्व में 10 थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा पीएसी की एक प्लाटून भी लगाई गई है।