Bareilly News: बरेली के वीर भट्टी वार्ड में 20 हजार की आबादी बेहाल, नाला बना मुसीबतों की जड़
नाथ नगरी के नाम पर शहर संवारने के दावों के बीच वार्ड सात में बदहाल सड़कें, कूड़े-गोबर से भरा नाला और गायब रेलिंग से लोग परेशान
बरेली के वार्ड नंबर सात वीर भट्टी में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब है। मुख्य नाले में कूड़ा और गोबर जमा होने से जलनिकासी बाधित है। कई जगह सड़कें अधूरी हैं और नालों से रेलिंग गायब है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से समस्याओं के समाधान की मांग की है।
शनिवार को अमृत विचार की टीम ने वार्ड का जायजा लिया तो कई मोहल्लों में अव्यवस्था नजर आई। वार्ड में 12 हजार से अधिक मतदाता हैं। सुभाषनगर का मुख्य नाला इसी क्षेत्र से होकर गुजरता है। शहर के बड़े हिस्से के नाले भी इससे जुड़े हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसमें कूड़ा-कचरा और आसपास की डेयरियों का गोबर जमा होने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। नाले के आसपास गंदगी और दुर्गंध बनी रहती है। बारिश के दौरान यही स्थिति जलभराव की समस्या को और बढ़ा देती है।
राजीव कॉलोनी में सड़क निर्माण का काम अधूरा पड़ा है। लोगों का कहना है कि निर्माण शुरू होने के बाद काम पूरा कराने की सुध नहीं ली जाती। इससे पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी होती है। तिलक कॉलोनी, अनुपम नगर समेत वार्ड की अन्य बस्तियों में भी नाले की सफाई और जलनिकासी को लेकर शिकायतें सामने आईं। कई स्थानों पर नालों के किनारे लगी रेलिंग टूट चुकी है या गायब है। इससे खुले नालों के आसपास आवाजाही करने वाले लोगों को खतरा बना रहता है।
नाले के किनारे बनी बाउंड्रीवॉल भी लंबे समय से मरम्मत के इंतजार में है। कई जगह से दीवार जर्जर होकर टूटने लगी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बरसात में नाले का पानी और सड़क का स्तर एक जैसा दिखाई देने लगता है। ऐसे में राहगीरों और बच्चों के लिए खतरा बढ़ जाता है। उनका कहना है कि नाले की नियमित सफाई और मरम्मत नहीं होने से हर बारिश में परेशानी दोबारा खड़ी हो जाती है।
लोगों ने सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आते। कई बार सप्ताह में एक-दो दिन ही सफाई होती है। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि सफाई के दौरान मोहल्ले का कचरा नाले में डाल दिया जाता है। इससे नाला साफ होने के बजाय और भर जाता है। लोगों का कहना है कि नगर निगम को केवल औपचारिक सफाई के बजाय पूरे नाले की नियमित सफाई और मरम्मत करानी चाहिए।
वार्ड की समस्याओं पर पार्षद सौरभ का कहना है कि ज्यादातर सड़कों की स्थिति पहले से बेहतर हुई है। कुछ गलियों में जलभराव के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ है। नालों के किनारे रेलिंग की समस्या के समाधान के लिए मुख्य नाले पर स्लैब डलवाए जा रहे हैं, ताकि रेलिंग की जरूरत न पड़े।
बारिश में सड़क और नाले का फर्क मिट जाता है
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मुख्य नाले की सफाई और मरम्मत नहीं होने का असर बरसात में सबसे ज्यादा दिखाई देता है। नाले में कचरा जमा होने से पानी की निकासी बाधित होती है और आसपास जलभराव की स्थिति बन जाती है। नाले के किनारे जर्जर बाउंड्रीवॉल और गायब रेलिंग के कारण बच्चों व राहगीरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।
मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आते। कई बार सफाई के दौरान कूड़ा उठाने के बजाय नाले में डाल दिया जाता है। इससे पहले से जमा गंदगी और बढ़ जाती है। लोगों ने नगर निगम से सफाई कर्मचारियों की नियमित निगरानी और नाले की पूरी सफाई कराने की मांग की है।
लोग बोले-शिकायतों के बाद भी नहीं बदले हालात
मोहल्ले की समस्याएं अधिकारियों के सामने कई बार रख चुके हैं। नाला सफाई, सड़क निर्माण और नालियों की मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन स्थिति में खास बदलाव नहीं आया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को खुद वार्ड का निरीक्षण करना चाहिए, ताकि उन्हें लोगों की परेशानी का पता चल सके।— सुनीता
वीर भट्टी का मुख्य नाला पूरे क्षेत्र के लिए परेशानी बना हुआ है। इसमें कूड़ा और गोबर जमा होने से पानी की निकासी प्रभावित होती है। बारिश में हालात और खराब हो जाते हैं। नगर निगम को ऊपर-ऊपर सफाई कराने के बजाय पूरे नाले की सफाई करानी चाहिए, जिससे समस्या का स्थायी समाधान हो सके।— शिवानी
सड़क निर्माण का काम शुरू तो करा दिया जाता है, लेकिन उसे पूरा कराने की जिम्मेदारी कोई नहीं निभाता। महीनों तक सड़क अधूरी पड़ी रहती है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। कई बार शिकायत के बाद भी काम पूरा नहीं कराया गया।— आशीष
वर्जन
मेरे वार्ड में अब काफी हद तक सड़कें ठीक हो चुकी हैं। एक-दो गलियां ही ऐसी हैं, जहां जलभराव की वजह से काम रुका हुआ है। नालों के किनारे रेलिंग की समस्या को भी स्थायी रूप से खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्य नाले पर स्लैब डलवाए जा रहे हैं, जिससे रेलिंग की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।— सौरभ, पार्षद
