गाजियाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात: 9 माह के मासूम की गला घोंटकर हत्या, आरोपी पिता हिरासत में और कब्र से निकाला जाएगा शव

वेव सिटी के बयाना गांव की घटना, दिवाली की रात पत्नी को दी थी बच्चे को मारने की धमकी, मां की शिकायत पर प्रशासन ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

गाजियाबाद के बयाना गांव में 9 माह के बच्चे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मां ने पति अभिषेक पर गला घोंटकर हत्या और चुपचाप शव दफनाने का आरोप लगाया है।

डिजिटल डेस्क, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के वेव सिटी थाना क्षेत्र स्थित बयाना गांव में नौ महीने के एक मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई है। मृत बच्चे की मां ने अपने ही बेरोजगार पति पर गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

महिला का आरोप है कि आरोपी पिता ने हत्या के बाद बेटे की मौत को प्राकृतिक बताकर चुपचाप उसे गांव के पास ही दफना दिया था। पुलिस ने शिकायत मिलते ही आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और मजिस्ट्रेट व जिला प्रशासन की अनुमति से शव को कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

दिवाली की रात हुआ था विवाद, दी थी जान से मारने की धमकी

आरोपी अभिषेक इन दिनों बेरोजगार था, जबकि उसकी पत्नी प्रियंका मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी। दोनों की शादी वर्ष 2022 में हुई थी।

प्रियंका ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि दीपावली की रात पति अभिषेक के साथ उसका किसी बात पर विवाद हुआ था, उसी दौरान उसने उनके नौ महीने के बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी थी। सोमवार (9 नवंबर) तड़के जब प्रियंका अपनी सास के साथ मजदूरी करने काम पर गई थीं, और घर पर केवल पति अभिषेक तथा ननद मौजूद थीं, तभी इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।

शव को दफनाया गया, मां के विलाप और पुलिस कार्रवाई से खुला राज

सोमवार सुबह करीब 11 बजे जब प्रियंका काम से घर लौटीं और बेटे के बारे में पूछा, तो आरोपी पिता ने गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि बच्चा अंदर कमरे में सो रहा है। जब प्रियंका ने कमरे में जाकर देखा तो बच्चे के गले पर निशान थे और उसकी साँसें थम चुकी थीं। आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी ने किसी को बताने के बजाय बच्चे की मौत को स्वाभाविक बताकर उसे दबाव बनाते हुए तुरंत दफना दिया।

बाद में मायके पक्ष के लोगों के पहुँचने पर माँ प्रियंका ने थाने में पहुँचकर पति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित मां का रो-रोकर बुरा हाल है और उसने अपने मासूम बच्चे के गले पर आए निशान के सबूत भी पुलिस को सौंपे हैं। एसीपी मसूरी प्रियाश्री पाल ने बताया कि आरोपी पिता अभिषेक को हिरासत में ले लिया गया है और जिलाधिकारी की अनुमति से बच्चे के शव को कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिससे मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।

यह भी पढ़े:-

गाजियाबाद में प्लास्टिक फैक्ट्री में आग: बारूद की तरह फटी फैक्ट्री, आसमान में उठे काले धुएं के गुबार से सहमे लोग, देखें रोंगटे खड़े करने वाला वीडियो

About The Author: Darakhshan Quadir Siddiqui