Shahjahanpur News: दिवाली पर शाहजहांपुर पहुंचे राजपाल यादव, मतदान और सुनासिरनाथ के विकास का उठाया मुद्दा

पैतृक गांव कुंडरा में दिवाली मनाने पहुंचे अभिनेता ने मतदान के बहिष्कार को बताया गलत, सुनासिरनाथ को जिला बनाने की उठाई मांग

फिल्म अभिनेता राजपाल यादव दीपावली पर शाहजहांपुर स्थित अपने पैतृक गांव कुंडरा पहुंचे। यहां उन्होंने लोगों से मतदान जरूर करने की अपील की। साथ ही सुनासिरनाथ को जिला घोषित करने, गांवों की सड़कों को बेहतर बनाने और मंडी तक आवागमन सुगम करने की मांग उठाई।

शाहजहांपुर, अमृत विचार। फिल्म अभिनेता राजपाल यादव ने कहा कि वोट हमारा सर्वोच्च अधिकार है। लोगों को किसी भी परिस्थिति में मतदान का बहिष्कार नहीं करना चाहिए। वोट की ताकत से ही विकास के रास्ते खुलते हैं। इसलिए हर व्यक्ति को अपने मताधिकार का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। दीपावली पर अपने पैतृक गांव कुंडरा पहुंचे अभिनेता ने यह अपील करने के साथ ही सुनासिरनाथ को जिला घोषित करने की मांग भी उठाई।
 

राजपाल यादव ने कहा कि गांवों के विकास के लिए बेहतर सड़कें जरूरी हैं। गांवों को एक-दूसरे से जोड़ने वाले मार्गों की हालत सुधारी जानी चाहिए। खासकर मंडियों तक जाने वाली सड़कों पर लोगों को काफी परेशानी होती है। कई बार संकरी सड़कों के कारण ट्रॉलियां पलटने जैसी घटनाएं हो जाती हैं।

ऐसे मार्गों की चौड़ाई बढ़ाने और उन्हें बेहतर बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का लाभ हर गांव तक पहुंचना चाहिए। गांवों को भी फोरलेन सड़कों से जोड़ने की दिशा में प्रयास होने चाहिए, ताकि आवागमन आसान हो और ग्रामीण क्षेत्रों का विकास तेज हो सके।

बचपन की यादों से जुड़ा है सुनासिरनाथ मेला

सुनासिरनाथ मेले से जुड़ी यादें साझा करते हुए अभिनेता ने कहा कि यह मेला उनके लिए बेहद खास है। बचपन में मेले को लेकर इतनी उत्सुकता रहती थी कि रात में नींद तक नहीं आती थी। यहां की यादें आज भी उनके मन में बसी हुई हैं। उन्होंने सुनासिरनाथ को जिला घोषित करने की मांग उठाते हुए क्षेत्र के विकास की जरूरत पर भी जोर दिया।इंसेट

राजपाल यादव ने सुनासिरनाथ मेले को अपनी बचपन की यादों से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि मेले में जाने को लेकर बचपन में काफी उत्साह रहता था। रातभर मेले का इंतजार रहता था। यही वजह है कि आज भी इस मेले से उनका विशेष लगाव है।

ये भी पढ़ें- बरेली के वीर भट्टी वार्ड में 20 हजार की आबादी बेहाल, नाला बना मुसीबतों की जड़ 

About The Author: Priya Chaturvedi

प्रिया चतुर्वेदी पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब पांच वर्षों का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह अमृत विचार से जुड़ी हैं। इससे पहले वह अमर उजाला में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्हें रिपोर्टिंग, समाचार लेखन, संपादन और डिजिटल पत्रकारिता का अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता एवं जनसंचार और गृह विज्ञान में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। वह यूजीसी नेट उत्तीर्ण हैं। हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और संस्कृत भाषाओं का ज्ञान रखने वाली प्रिया की रुचि समसामयिक विषयों पर तथ्यपरक रिपोर्टिंग और जनसरोकारों से जुड़ी खबरों में है।