अमेरिका में कम्युनिकेशन सिस्टम फेल: 4 घंटे थमी रहीं उड़ानें, 8000 से अधिक फ्लाइट्स रद्द, 15 लाख यात्री एयरपोर्ट पर फंसे

एयर ट्रैफिक कंट्रोल में तकनीकी खराबी के बाद एफएए ने लगाया देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप, 9/11 और 2023 के बाद तीसरी बार थमा अमेरिकी आसमान, वीकेंड तक बना रहेगा असर

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सभी एयरपोर्ट्स पर तत्काल प्रभाव से ग्राउंड स्टॉप (उड़ानों पर रोक) लागू कर दिया। अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल का कम्युनिकेशन सिस्टम फेल होने से 4 घंटे तक उड़ानें रोकनी पड़ीं। इस दौरान 8,000 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द हुईं और 15 लाख यात्री फंसे रहे।

डिजिटल डेस्क, अमृत विचार: अमेरिका के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के कम्युनिकेशन सिस्टम में आई बड़ी तकनीकी खराबी के कारण शुक्रवार को चार घंटे से अधिक समय तक देशभर में विमानों की उड़ानें रोकनी पड़ीं। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सभी एयरपोर्ट्स पर तत्काल प्रभाव से ग्राउंड स्टॉप (उड़ानों पर रोक) लागू कर दिया। इस अभूतपूर्व संकट के चलते 8,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और करीब 15 लाख यात्री देश-विदेश के विभिन्न हवाई अड्डों पर फंसे रहे। हालांकि शुक्रवार रात रोक हटा ली गई, लेकिन इसका व्यापक असर शनिवार और वीकेंड तक रहने की आशंका है।

शिकागो से शुरू हुई समस्या, देशभर के सेंटर हुए प्रभावित

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह संकट अचानक पूरे देश में एक साथ शुरू नहीं हुआ था। इसकी शुरुआत शिकागो के ओ'हेयर और मिडवे एयरपोर्ट से हुई, जहाँ कम्युनिकेशन सिस्टम में दिक्कत आने के बाद उड़ानों को रोका गया। देखते ही देखते यह तकनीकी खामी देश के अन्य एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों तक फैल गई, जिसके बाद पूरे अमेरिका में उड़ानों के टेकऑफ पर रोक लगा दी गई। इस दौरान जो विमान पहले से हवा में थे, उन्हें सुरक्षित लैंड करने की अनुमति दी गई, लेकिन रनवे पर खड़े विमानों को उड़ान भरने से रोक दिया गया।

उड़ानों पर रोक के आदेश के कुछ ही देर बाद एफएए की वह आधिकारिक वेबसाइट भी ठप हो गई, जहाँ से हवाई यातायात से जुड़े जरूरी नोटिस जारी किए जाते हैं। न्यूयॉर्क के कैनेडी एयरपोर्ट से पेरिस जाने वाली एक फ्लाइट सिर्फ इसलिए लेट हो गई क्योंकि बोस्टन से आने वाले पायलट की फ्लाइट रद्द हो गई थी और उसे सड़क के रास्ते कार से एयरपोर्ट पहुँचना पड़ा।

साइबर हमले के संकेत नहीं, नए एआई सिस्टम की भी हो रही जांच

अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी मंत्री मार्कवेन मुलिन ने व्हाइट हाउस में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच में इस खराबी के पीछे किसी साइबर हमले के संकेत नहीं मिले हैं। यह टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी प्रतीत हो रही है। दूसरी ओर, एफएए अधिकारी इस पहलू की भी बारीकी से जांच कर रहे हैं कि कहीं इस खराबी का संबंध हाल ही में लगाए गए नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम से तो नहीं है, जो विमानों के रूट बदलने और संभावित समस्याओं की पहचान करने का सुझाव देता है।

अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने कहा कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल की पुरानी तकनीक और तारों को बदलकर फाइबर ऑप्टिक केबल व आधुनिक रेडियो सिस्टम लगाने के लिए करीब 50 अरब डॉलर की आवश्यकता है। राष्ट्रपति ट्रम्प ने भी इसके लिए कांग्रेस से 30 अरब डॉलर की मांग की है।

9/11 और 2023 के बाद तीसरी बार लगा देशव्यापी ब्रेक

अमेरिका के आधुनिक विमानन इतिहास में यह तीसरी बार है जब पूरे देश में एक साथ उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी है। इससे पहले 11 सितंबर 2001 (9/11) को वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए आतंकी हमले के बाद सभी विमानों को जमीन पर उतारा गया था। इसके बाद 11 जनवरी 2023 को एफएए के कंप्यूटर सिस्टम में खराबी आने के कारण करीब 90 मिनट तक पूरे देश में उड़ानें प्रभावित रही थीं। इससे पहले बीते सितंबर महीने में भी अमेरिका के नॉर्थईस्ट इलाके में कम्युनिकेशन सिस्टम फेल होने से सैकड़ों फ्लाइट्स पर असर पड़ा था।

वीकेंड तक दिखेगा असर, यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड

उड़ानों पर लगी रोक हटने के बाद डेल्टा एयरलाइंस ने अपनी सभी तय सेवाएं बहाल कर दी हैं, जबकि यूनाइटेड एयरलाइंस और फ्रंटियर एयरलाइंस ने शनिवार को भी देरी की आशंका जताते हुए यात्रियों को ट्रैवल डेट बदलने की छूट दी है। जेटब्लू एयरवेज ने शुक्रवार की शेष सभी उड़ानें रद्द कर दीं। थैंक्सगिविंग की छुट्टियों से ठीक दो हफ्ते पहले हुए इस व्यवधान ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालांकि, अमेरिकी नियमों के तहत फ्लाइट रद्द होने या अत्यधिक देरी होने पर सफर न करने वाले सभी यात्रियों को एयरलाइंस की ओर से पूरा रिफंड दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें:-
इंडोनेशिया के उपराष्ट्रपति जिब्रान ने दिया इस्तीफा : शैक्षणिक योग्यता पर विवाद के बीच 120 सांसदों ने बनाया था दबाव, जानिए क्या है पूरा मामला

About The Author: Darakhshan Quadir Siddiqui