काजीरंगा। असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। रोंगाजन के पास तेज रफ्तार ट्रक और पैसेंजर ट्रैवलर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पैसेंजर गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार कई लोग अंदर ही फंस गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रैवलर में बड़ी संख्या में छात्र सवार थे।
बोकाखात से नागांव जा रही थी गाड़ी
जानकारी के मुताबिक, पैसेंजर ट्रैवलर बोकाखात से नागांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान रोंगाजन के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गाड़ी के क्षतिग्रस्त होने से कई यात्री अंदर फंस गए। हादसे की भयावहता देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ बचाव कार्य में जुट गए।
गाड़ी में फंसे यात्रियों को निकालने में जुटी टीमें
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। क्षतिग्रस्त ट्रैवलर में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को तत्काल कोहोरा मॉडल हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। कुछ घायलों की स्थिति को लेकर तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी।
छात्रों के सवार होने की मिली जानकारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैवलर में ज्यादातर युवा छात्र सवार थे। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। राहत एवं बचाव कार्य के साथ यातायात व्यवस्था भी संभाली जा रही है।
हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा तेज रफ्तार, कम दृश्यता या किसी अन्य वजह से हुआ। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों और घायलों से जुड़ी विस्तृत जानकारी की पुष्टि के बाद साझा की जाएगी।
ये भी पढ़ें :
वंदे भारत का अनोखा रिकॉर्ड: PM मोदी ने बंगलूरू से हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, जानें कितनी होगी स्पीड