वंदे भारत का अनोखा रिकॉर्ड: PM मोदी ने बंगलूरू से हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, जानें कितनी होगी स्पीड
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बेंगलुरु से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जबकि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मंगलुरु जंक्शन से इसे रवाना किया।
देश की सबसे लंबी अवधि वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ हो गया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु से हरी झंडी दिखाई। बेंगलुरु-मडगांव के बीच चलने वाली यह ट्रेन 13 घंटे से अधिक का सफर तय करेगी और देश की सबसे धीमी वंदे भारत सेवा भी होगी।
बेंगलुरु। देश को शुक्रवार को एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात मिली है। खास बात यह है कि बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव के बीच चलने वाली यह ट्रेन देश की सबसे लंबी अवधि वाली वंदे भारत सेवा होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बेंगलुरु से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जबकि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मंगलुरु जंक्शन से इसे रवाना किया। दोनों स्टेशनों पर एक साथ उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।
दिलचस्प बात यह है कि रफ्तार के मामले में यह ट्रेन दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस से पीछे रहेगी। यह देश की सबसे धीमी वंदे भारत सेवा होगी। बेंगलुरु से मडगांव के बीच इसकी औसत गति 54 किलोमीटर प्रति घंटा और वापसी में 53 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी।
13 घंटे 20 मिनट में पूरा होगा सफर
कोंकण रेलवे ने ट्रेन का समय-सारिणी जारी कर दिया है। ट्रेन संख्या 26655 यशवंतपुर से सुबह 7:35 बजे रवाना होकर रात 8:55 बजे मडगांव पहुंचेगी। इस तरह यात्रियों को करीब 13 घंटे 20 मिनट का सफर तय करना होगा। वापसी में ट्रेन संख्या 26656 मडगांव से सुबह 8:20 बजे चलेगी और रात 9:15 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी। इस यात्रा में 12 घंटे 55 मिनट लगेंगे।
रास्ते में होंगे 12 ठहराव
बेंगलुरु से गोवा के बीच चलने वाली इस ट्रेन के रास्ते में कुल 12 स्टेशन होंगे। इनमें श्रवणबेलगोला, हासन, सकलेशपुर, सुब्रह्मण्य रोड, काबका पुत्तूर, मंगलुरु जंक्शन, उडुपी, कुंदापुरा, बिंदूर, मुरुडेश्वर, गोकर्ण रोड और कारवार शामिल हैं।
15 नवंबर से शुरू होंगी नियमित सेवाएं
इस वंदे भारत एक्सप्रेस की नियमित सेवाएं 15 नवंबर से शुरू होंगी। ट्रेन बुधवार को छोड़कर सप्ताह के सभी दिन यशवंतपुर से मडगांव के लिए चलेगी। वहीं, वापसी में गुरुवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी सभी दिन इसका संचालन होगा। बेंगलुरु-मडगांव-बेंगलुरु रूट पर चलने वाली यह ट्रेन देश में संचालित 82 जोड़ी वंदे भारत चेयर कार सेवाओं में सबसे अधिक यात्रा अवधि वाली सेवा होगी।
ये भी पढ़ें :
दिल्ली में पहली बार AQI 403 के पार : गाजियाबाद में घनी धुंध की चादर, गंभीर श्रेणी में पहुंचा प्रदूषण
