नई दिल्ली। देश में महंगाई ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। अक्टूबर 2026 में खुदरा महंगाई दर सालाना आधार पर बढ़कर 6.09 प्रतिशत (प्रोविजनल) हो गई। सितंबर में यह 5.54 प्रतिशत (फाइनल) दर्ज की गई थी। यानी एक महीने में खुदरा महंगाई दर में 0.55 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।
मंत्रालय के मुताबिक, अक्टूबर में ग्रामीण क्षेत्रों में खुदरा महंगाई दर 6.63 प्रतिशत रही, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 5.41 प्रतिशत दर्ज की गई। खाद्य महंगाई दर में भी तेज बढ़ोतरी हुई है। सितंबर में 7.74 प्रतिशत रही खाद्य महंगाई अक्टूबर में बढ़कर 8.94 प्रतिशत पर पहुंच गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य महंगाई 9.09 प्रतिशत
अक्टूबर में ग्रामीण इलाकों में खाद्य महंगाई दर 9.09 प्रतिशत रही, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 8.68 प्रतिशत दर्ज की गई। खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी का असर आम लोगों की रसोई के बजट पर पड़ रहा है।
प्याज के दाम में 116 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में सालाना आधार पर जिन पांच वस्तुओं की कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई, उनमें प्याज सबसे ऊपर रहा। प्याज के दाम 116.22 प्रतिशत बढ़े। इसके बाद लहसुन की कीमतों में 60.74 प्रतिशत, सिल्वर ज्वेलरी में 52.39 प्रतिशत, अदरक में 48.32 प्रतिशत और नींबू में 47.30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, कुछ वस्तुओं की कीमतों में गिरावट भी आई। आलू के दाम में 14.24 प्रतिशत, फूलगोभी में 10.57 प्रतिशत, नारियल में 5.60 प्रतिशत, बैंगन में 3.34 प्रतिशत और पत्तागोभी में 1.92 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
इन राज्यों में सबसे ज्यादा रही खुदरा महंगाई
अक्टूबर में खुदरा महंगाई के मामले में तमिलनाडु 7.29 प्रतिशत के साथ शीर्ष पर रहा। इसके बाद तेलंगाना में 7.26 प्रतिशत, आंध्र प्रदेश में 7.25 प्रतिशत, मध्य प्रदेश में 7.19 प्रतिशत और ओडिशा में 7.17 प्रतिशत खुदरा महंगाई दर दर्ज की गई।
1407 शहरी बाजारों और 1465 गांवों से जुटाए गए आंकड़े
मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के फील्ड ऑपरेशंस डिवीजन के कर्मचारी सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कीमतों का डेटा जुटाते हैं। इसके लिए 1407 शहरी बाजारों, जिनमें ऑनलाइन बाजार भी शामिल हैं, और 1465 गांवों से साप्ताहिक रोस्टर के अनुसार व्यक्तिगत रूप से जाकर वास्तविक समय में कीमतों के आंकड़े एकत्र किए जाते हैं। अक्टूबर 2026 के दौरान ग्रामीण और शहरी दोनों बाजारों में आंकड़े जुटाने की रिस्पॉन्स रेट 100 प्रतिशत रही।