नई दिल्ली। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बुधवार सुबह की सैर के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। कुछ मिनट तक बेहोश रहने के बाद उन्हें दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, 75 वर्षीय धनखड़ को एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में रखा गया है, जहां हृदय रोग विभाग के चिकित्सक उनकी जांच और उपचार कर रहे हैं।
सुरक्षाकर्मी पीसीआर वाहन से घर लेकर पहुंचे
सूत्रों ने बताया कि सुबह की सैर के दौरान धनखड़ अचानक गिर पड़े और कुछ मिनट तक बेहोश रहे। इसके बाद उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी उन्हें पीसीआर वाहन से घर लेकर पहुंचे। यहां आईएलबीएस की चिकित्सा टीम और एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनकी जांच की और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई।
एंबुलेंस से तत्काल एम्स ले जाया गया
सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए धनखड़ को एंबुलेंस से तत्काल एम्स ले जाया गया। उन्हें अस्पताल के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है। फिलहाल हृदय रोग विभाग के डॉक्टर उनकी स्वास्थ्य जांच और उपचार में जुटे हैं।
एम्स ने जारी नहीं किया आधिकारिक बयान
धनखड़ की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। एम्स प्रशासन की ओर से भी इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
यह भी पढ़ें:-स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 : स्वच्छता के मामले में लखनऊ ने हासिल की तीसरी रैंक, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित