सुलतानपुर में किसानों के मुद्दों पर गरजा अपना दल कमेरावादी, खाद-बिजली संकट को लेकर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

डीएपी-यूरिया की किल्लत, बिजली कटौती, छुट्टा पशु और बढ़ते भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा, समस्याएं न सुलझने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी।

सुलतानपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को अपना दल (कमेरावादी) ने जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी के जिलाध्यक्ष मौलाना पंडित अर्जुन सिंह पटेल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सुरेश पटेल (टाइगर) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर किसानों से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग की।

धरने को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष सुरेश पटेल (टाइगर) ने आरोप लगाया कि सरकारी नीतियों के कारण किसान लगातार कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूरिया की बोरी का वजन घटाने, कीमत बढ़ने, डीएपी और यूरिया की कथित कृत्रिम कमी तथा कालाबाजारी से किसानों की परेशानियां बढ़ी हैं। उन्होंने खाद वितरण प्रक्रिया को सरल बनाने और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने की मांग की।

जिलाध्यक्ष मौलाना पंडित अर्जुन सिंह पटेल ने ज्ञापन के माध्यम से पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण नीति की समीक्षा, बिजली की अनियमित कटौती पर रोक, बढ़ते अपराध एवं भ्रष्टाचार पर नियंत्रण और छुट्टा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो पार्टी व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी।

धरना-प्रदर्शन को सुरेंद्र पटेल, बृजलाल विश्वकर्मा और घनश्याम पटेल सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसान, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

यह भी पढ़ेंः AI Phone की दुनिया में बड़ा धमाका! चीनी कंपनी का दावा- लॉन्च किया पहला Agentic AI फोन, बिना इंटरनेट भी करेगा काम

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.