AI Phone की दुनिया में बड़ा धमाका! चीनी कंपनी का दावा- लॉन्च किया पहला Agentic AI फोन, बिना इंटरनेट भी करेगा काम
StepFun ने पेश किया StepX Neo AI Phone, Step Amoo AI एजेंट से लैस होने का दावा; AI आधारित ऑपरेटिंग सिस्टम और ऑफलाइन AI क्षमता बनी सबसे बड़ी खासियत।
डिजिटल डेस्कः स्मार्टफोन इंडस्ट्री में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर एक नया दावा सामने आया है। चीन की AI कंपनी StepFun ने दुनिया का पहला Agentic AI Phone पेश करने का दावा किया है। खास बात यह है कि यह फोन पारंपरिक Android या iOS आधारित सिस्टम के बजाय AI-CENTERED ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करने की बात कही गई है। यह खबर ऐसे समय में आई है जब OpenAI के भी अपने AI स्मार्टफोन पर काम करने की चर्चाएं चल रही हैं।
StepFun ने पेश किया StepX Neo AI Phone
रिपोर्ट्स के अनुसार, शंघाई स्थित AI कंपनी StepFun ने अपने नए स्मार्टफोन StepX Neo को पेश किया है। कंपनी का कहना है कि यह फोन खास तौर पर AI आधारित अनुभव देने के लिए तैयार किया गया है। बताया जाता है कि StepFun की स्थापना माइक्रोसॉफ्ट के पूर्व कर्मचारियों ने की थी और यह पहले से Oppo तथा Geely जैसी कंपनियों को AI सेवाएं उपलब्ध करा चुकी है।
फोन के नाम को लेकर भी चर्चा
फोन के नाम को लेकर भी कुछ भ्रम की स्थिति बनी हुई है। StepX नाम पहले से एक प्लेटफॉर्म से जुड़ा हुआ है और इसका नाम SpaceX से भी मिलता-जुलता माना जा रहा है। हालांकि कंपनी ने अपने AI स्मार्टफोन को StepX Neo नाम से पेश किया है।
Step Amoo AI एजेंट इसकी सबसे बड़ी ताकत
कंपनी के मुताबिक यह फोन StepOS पर चलता है, जिसमें Step Amoo नाम का पर्सनल AI एजेंट दिया गया है। यूजर इससे सामान्य भाषा में बातचीत कर सकते हैं। कंपनी का दावा है कि यह AI एजेंट मेमोरी, निर्णय लेने और विभिन्न कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से पूरा करने में सक्षम है।
StepFun के अनुसार इसकी मेमोरी रिकॉल स्पीड 15 मिलीसेकंड है और कई AI फीचर बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी काम कर सकते हैं।
जरूरत पड़ने पर इंटरनेट का भी इस्तेमाल
फोन में मौजूद AI केवल ऑन-डिवाइस प्रोसेसिंग तक सीमित नहीं है। जटिल कार्यों के लिए यह इंटरनेट की मदद भी ले सकता है। हालांकि कंपनी का दावा है कि इस प्रक्रिया में यूजर का निजी डेटा डिवाइस से बाहर साझा नहीं किया जाता।
फीचर्स और डिजाइन
कंपनी का कहना है कि StepOS, Android, Linux और RTOS का मिश्रण है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह पूरी तरह नया ऑपरेटिंग सिस्टम है या Android आधारित कस्टम प्लेटफॉर्म।
सामने आए वीडियो के अनुसार फोन में Nothing Phone जैसी डॉट-मैट्रिक्स LED डिजाइन देखने को मिलती है। फिलहाल फोन के हार्डवेयर स्पेसिफिकेशन का खुलासा नहीं किया गया है। कंपनी ने Alipay, Baidu और Didi जैसे चीनी प्लेटफॉर्म के साथ साझेदारी की घोषणा भी की है।
यह भी पढ़ेंः Nothing की पहली सेल आज: 5,000 की छूट के साथ खरीदने का मौका, 6000mAh बैटरी और 50MP कैमरा बना रहे खास
