'शिक्षित युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत', बाराबंकी में स्कूल चलो अभियान की रैली में गूंजा शिक्षा का संदेश

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

फतेहपुर में 40 माध्यमिक विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली, विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने दिखाई हरी झंडी।

बाराबंकी। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से मंगलवार को स्कूल चलो अभियान के तहत फतेहपुर नगर में विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अभियान में तहसील क्षेत्र के करीब 40 माध्यमिक विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर शिक्षा के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।

रैली को संबोधित करते हुए विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने कहा कि किसी भी विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति उसकी शिक्षित युवा पीढ़ी होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन के साथ अध्ययन करने और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य में देश के वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस और पीसीएस अधिकारी बनेंगे।

जागरूकता रैली पटेल चौराहा, हसीन तिराहा, सट्टी बाजार, मुंशीगंज, मस्तान रोड, ब्लॉक तिराहा, बस स्टॉप और तहसील चौराहा सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के महत्व से जुड़े प्रेरक नारे लगाकर प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में नेशनल इंटर कॉलेज, वारिस चिल्ड्रेंस एकेडमी समेत लगभग 40 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अमिता सिंह, एसडीएम कार्तिकेय सिंह, तहसीलदार वैशाली अहलावत, शिक्षक, शिक्षाविद और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेंः सुलतानपुर में किसानों के मुद्दों पर गरजा अपना दल कमेरावादी, खाद-बिजली संकट को लेकर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

संबंधित समाचार