Barabanki News : मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने बांटे कार्ड
--मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना व डीबीटी का शुभारंभ, शिक्षकों को बांटे गए कार्ड
बाराबंकी, अमृत विचार। नगर पालिका परिषद नवाबगंज के टाउन हॉल में बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) तथा भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के साथ हुए एमओयू के तहत शिक्षक वेतन पैकेज के शुभारंभ का कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि खाद्य एवं रसद विभाग के राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान वाराणसी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
शिक्षकों और रसोइयों की पुरानी मांग हुई पूरी
राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी की है। उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग व स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र 1200 रुपये की दर से लगभग 1320 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए जा रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत और भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा ‘भुल्लन’ ने भी योजनाओं की सराहना की, जबकि नवीन कुमार पाठक ने योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
शिक्षकों को बांटे गए कैशलेस कार्ड और पासबुक
कार्यक्रम में शिक्षक नदीम अब्बास रिजवी, प्रीति, रिंकी सिंह, विशाल वर्मा, दिवाकर अवस्थी, आलोक यादव, सरिता और सुनीता को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। वहीं देवेंद्र कुमार द्विवेदी, दिलीप तिवारी, गिरजेश त्रिपाठी और मंजू को एसबीआई सैलरी अकाउंट की पासबुक प्रदान की गई। एसबीआई अधिकारियों ने बताया कि एमओयू के तहत शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा, टर्म इंश्योरेंस सहित विशेष बैंकिंग सुविधाएं मिलेंगी। इसी क्रम में हैदरगढ़, सिरौलीगौसपुर और रामनगर समेत सभी तहसीलों में भी कार्यक्रम का आयोजन कराते हुए कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।
कार्यक्रम में ये सभी रहे मौजूद
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा ‘भुल्लन’, भाजपा नेता जवाहर वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, जिला विद्यालय निरीक्षक अमिता सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक तथा एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश शाह मौजूद रहे। इनके अलावा जीआईसी प्रधानाचार्य राधेश्याम धीमान, जीजीआईसी प्रधानाचार्य नंदिता सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव, जैनेन्द्र कुमार, सुनील कुमार गौड़, जिला समन्वयक पुनीत कुमार श्रीवास्तव, विनीता मिश्रा, डॉ. पीयूष कुमार श्रीवास्तव, नंदन पाण्डेय, अमित श्रीवास्तव, पुनीत त्रिपाठी, पंकज वर्मा, राहुल शुक्ला, आशीष पाठक, राजेन्द्र त्रिपाठी, ऋषि टंडन, उमेश यादव, मनोज चौधरी, वेद प्रकाश श्रीवास्तव, सुजीत सिंह, रमाकांत वर्मा सहित शिक्षा विभाग व एसबीआई के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइयां मौजूद रहे।
