Rampur News : डंपर चालक हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामपुर के पटवाई में डंपर चालक चंद्रपाल उर्फ चंचल हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार। आरोपी ने अवैध संबंध और फोटो वायरल करने के विवाद में हत्या की बात कबूल की।

रामपुर: थाना पटवाई क्षेत्र में डंपर चालक चंद्रपाल उर्फ चंचल की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी योगेश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात शाहबाद रोड स्थित मोगा ढाबा के पास डंपर चालक चंद्रपाल की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव को चौराहे पर रखकर प्रदर्शन किया था और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व एनकाउंटर की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।

बुधवार को थाना पटवाई पुलिस जोलपुर रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान निर्माणाधीन सोना पुल के पास एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी कच्चे रास्ते से भागने लगा, लेकिन बाइक फिसलने से गिर गया। खुद को घिरा देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी योगेश के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में योगेश ने बताया कि मृतक चंद्रपाल के उसकी पत्नी के साथ कथित अवैध संबंध थे। आरोपी का दावा है कि चंद्रपाल ने उसकी पत्नी के आपत्तिजनक फोटो खींचकर वायरल कर दिए थे, जिससे परिवार की बदनामी हुई। इसी रंजिश में उसने अपने साथियों विनोद, मुनेश और महेश के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हत्या के मुकदमे के अलावा अब पुलिस पर फायरिंग और आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी नया मुकदमा दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई को थाना प्रभारी धनंजय सिंह, उपनिरीक्षक अनुज कुमार, राहुल कुमार और उनकी टीम ने अंजाम दिया।

संबंधित समाचार