Gonda News: गर्मी के चलते बदला स्कूलों का समय, अब सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक लगेंगी कक्षाएं

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

गोंडा, अमृत विचार। जिले में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव कर दिया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने नया आदेश जारी करते हुए स्कूलों का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित कर दिया है। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

शिक्षक संगठनों की मांग पर फैसला

विद्यालयों के समय में बदलाव को लेकर शिक्षक संगठन लगातार मांग उठा रहे थे। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ और राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने हाल ही में जिलाधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्कूलों का समय बदलने की मांग की थी। संगठनों का कहना था कि भीषण गर्मी और लू के कारण बच्चों की उपस्थिति प्रभावित हो रही है तथा उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।

बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता

शिक्षक संगठनों ने अपने ज्ञापन में कहा था कि सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक विद्यालय संचालन के दौरान बच्चों को तेज धूप और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। कई अभिभावकों ने भी गर्मी के कारण बच्चों को स्कूल भेजने में हिचकिचाहट जताई थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने स्कूल समय में परिवर्तन का निर्णय लिया।

बीएसए ने जारी किए निर्देश

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि सभी परिषदीय विद्यालय अब सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे। इस संबंध में जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

WhatsApp Image 2026-06-25 at 8.08.26 PM

शिक्षकों ने जताया आभार

विद्यालय समय में बदलाव के फैसले का शिक्षक संगठनों ने स्वागत किया है। संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि यह निर्णय विद्यार्थियों के हित में लिया गया है और इससे बच्चों को गर्मी से राहत मिलेगी। साथ ही विद्यालयों में उपस्थिति भी बेहतर होने की उम्मीद है।

कई शिक्षक रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संयुक्त महामंत्री आनंद सिंह, कटरा ब्लॉक अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव, बेलसर ब्लॉक उपाध्यक्ष जितेंद्र पांडेय, संयुक्त मंत्री संतोष कश्यप, जितेंद्र तिवारी समेत बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन बच्चों के हित में उनकी मांग पर जल्द निर्णय लेगा।

ये भी पढ़ें:- Gonda News: गोंडा में 28 जून से पल्स पोलियो अभियान, 5.77 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

संबंधित समाचार