NEET Re-Exam से पहले खौफनाक कदम, लखनऊ में 17 साल की नीट छात्रा ने दी जान

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बाजार खाला थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कॉलोनी में नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) की तैयारी कर रही 17 वर्षीय एक छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। नीट की पुन:परीक्षा 21 जून को प्रस्तावित है। पुलिस के अनुसार, छात्रा की पहचान सुहानी यादव (17) के रूप में हुई है। 

रेलवे कॉलोनी में फंदे से लटकी मिली छात्रा

बाजार खाला थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि सुहानी का परिवार मूलरूप से बिहार के पटना का रहने वाला है। उसके पिता रणजीत यादव रेलवे में 'टीटी' हैं और परिवार ऐशबाग रेलवे कॉलोनी में रहता है। उन्होंने कहा, ''16 जून की सुबह सुहानी अपने घर में पंखे पर फंदे से लटकी मिली। उसे तत्काल रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।'' 

नीट की तैयारी कर रही छात्रा ने की खुदकुशी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है। परिजनों के अनुसार, सुहानी ने तीन मई को आयोजित नीट में अच्छा प्रदर्शन किया था। हालांकि, पेपर लीक के आरोपों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षा रद्द कर दी थी और मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी गई थी। 

परिवार का कहना है कि परीक्षा रद्द होने के बाद सुहानी तनाव में थी। कुछ दिनों बाद उसने दोबारा तैयारी शुरू कर दी, लेकिन आगामी परीक्षा को लेकर तनाव में थी। पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें  :
CM योगी का गोंडा दौरा आज, 31 विधानसभाओं की 1550 करोड़ की सड़क परियोजनाओं को हरी झंडी

संबंधित समाचार