Hapur News: हापुड़ में पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर, कारोबारी के घर की थी डकैती

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

हापुड़, अमृत विचार। जिले में एक कारोबारी के घर पर डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश की पुलिस के साथ मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, बदमाश ने घिरने पर पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात बुलंदशहर रोड पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने के दौरान आसपास के थानों को सूचना दी गई और हापुड़ देहात पुलिस ने ग्राम गोदी की ओर घेराबंदी कर दी।

हापुड़ में पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर (2)

पुलिस पर की फायरिंग

एसपी के मुताबिक, खुद को घिरता देख बदमाश ट्यूबवेल की आड़ में छिप गया और पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी नगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

रामपुर का रहने वाला था श्याम

मृतक की पहचान श्याम पुत्र वीरेंद्र निवासी सूरजपुर, थाना पटवाई, जनपद रामपुर के रूप में हुई है। वह लूट के एक मामले में वांछित था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ मुरादाबाद में डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज थे। मौके से एक पिस्टल, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

हापुड़ में पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर (1)

कारोबारी के घर की थी डकैती

पुलिस के अनुसार, एक जून को हापुड़ के गिरधारी नगर निवासी कारोबारी नरेंद्र अग्रवाल के घर में हथियारबंद बदमाश घुस गए थे। बदमाशों ने परिवार के लोगों को बंधक बनाकर करीब सवा किलो सोने के आभूषण, नकदी, बाइक और मोबाइल लूट लिए थे। वारदात के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

ये भी पढ़ें:- तुषार त्यागी हत्या : 40 बीघा जमीन के लिए पिता ने ली बेटे की जान, मेरठ में हुआ खौफनाक कांड

संबंधित समाचार