Prayagraj News : 10 जुलाई को प्रयागराज आएंगे राहुल गांधी, प्रतियोगी छात्रों से करेंगे संवाद
प्रयागराज। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 10 जुलाई को प्रयागराज का दौरा करेंगे, जहां वह प्रतियोगी छात्रों से सीधे संवाद करेंगे। परीक्षा प्रणाली में खामियों, पेपर लीक और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रयागराज के एक होटल में कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अधिवक्ता केके राय ने की।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह संवाद युवाओं के संघर्ष और समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने अधिवक्ताओं से यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई के साथ समन्वय स्थापित कर जमीनी स्तर पर प्रचार-प्रसार तेज करने का आह्वान किया। कांग्रेस विधि विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र नायक ने कहा कि पार्टी अब न्यायालय परिसरों, छात्रावासों और डेलीगेसी क्षेत्रों में पहुंचकर छात्रों से सीधे संवाद करेगी।
बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने प्रतियोगी छात्रों की समस्याओं को समझने और उन्हें पार्टी के कार्यक्रमों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रयागराज को देश में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का प्रमुख केंद्र माना जाता है। ऐसे में राहुल गांधी का यह दौरा पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के मुद्दे पर युवाओं को संगठित करने की कांग्रेस की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
बैठक में वक्ताओं ने बताया कि छात्रों की समस्याओं और सुझावों को कानूनी तथा राजनीतिक दस्तावेज के रूप में संकलित किया जाएगा, ताकि राहुल गांधी के समक्ष युवाओं का पक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सके। बैठक में प्रदेश महासचिव जमील अहमद आज़मी, अतुल श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष रवीन्द्र सिंह, हरिश्चंद्र दुबे, आसिफ रिज़वी सहित कई पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की और अपने सुझाव दिए।
