UP Pencak Silat Championship: आजमगढ़ ने लगातार दूसरी बार जीता ओवरऑल खिताब, गौतमबुद्ध नगर उपविजेता
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में आजमगढ़ ने एक बार फिर अपना दबदबा दिखाते हुए 22 स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब बरकरार रखा। गौतमबुद्ध नगर उपविजेता रहा, जबकि सुल्तानपुर तीसरे स्थान पर रहा।
शनिवार को चौक स्टेडियम स्थित लालजी टंडन बहुउद्देश्यीय हॉल में आयोजित इस प्रतियोगिता का समापन समारोह हुआ। पेंचक सिलाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश और पेंचक सिलाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस इंडोनेशियाई मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
पुरस्कार वितरण समारोह में भाजपा गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और शीर्ष तीन टीमों को ट्रॉफी प्रदान की।समारोह में इग्नू पटना के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह, भाजयुमो लालगंज जिला अध्यक्ष पुष्कर मिश्रा, महामंत्री अंकुर राय, शिक्षा प्रकोष्ठ आजमगढ़ जिला संयोजक अजय राय और जयेश पाण्डेय सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
महासचिव सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
- आजमगढ़: 22 स्वर्ण, 8 रजत, 5 कांस्य (कुल 35 पदक) — ओवरऑल चैंपियन
- गौतमबुद्ध नगर: 14 स्वर्ण, 2 रजत (कुल 16 पदक) — उपविजेता
- सुल्तानपुर: 10 स्वर्ण, 3 रजत, 1 कांस्य (कुल 14 पदक) — तीसरा स्थान
