International Yoga Day पर लखनऊ रेजिडेंसी में भव्य आयोजन: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक-डीएम विशाख समेत कई हस्तियों ने किया योग, पीएम मोदी का संबोधन भी सुना
लखनऊ, अमृत विचार। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ के ऐतिहासिक रेजिडेंसी परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और सामूहिक योगाभ्यास में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन और प्राणायाम कराए गए। सैकड़ों प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ योग कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का भी प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सुना।
डिप्टी सीएम ने किया योग
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कार्यक्रम में योगाभ्यास करते हुए कहा कि योग केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का अभिन्न अंग है और यह तन तथा मन के बीच सामंजस्य स्थापित करने का शाश्वत माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति में नई चेतना का संचार होता है और वह स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर होता है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

पीएम का सुना संबोधन
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सामूहिक रूप से श्रवण किया गया। इस अवसर पर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया। प्रतिभागियों ने योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प दोहराया।

डीएम समेत कई प्रशासनिक अधिकारी शामिल
लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर योगासन किए। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन का आधार है तथा हर व्यक्ति को प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालना चाहिए। इसके अलावा मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

थीम पर दिया जोर
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ’ और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने पर केंद्रित रही। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सामूहिक कल्याण की भावना को भी मजबूत करता है।

उत्साह से शामिल हुए लोग
रेजिडेंसी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी समेत कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, योग प्रशिक्षकों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, युवा, बुजुर्ग, महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों ने योगाभ्यास में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने कहा कि नियमित योग से जीवन में सकारात्मक बदलाव आते हैं और बीमारियों से बचाव में भी मदद मिलती है। साथ ही लोगों को स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
