योग भारत की प्राचीन विरासत... मंत्री गिरीश चंद्र यादव बोले- प्रधानमंत्री के प्रयासों से मिली वैश्विक पहचान

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने रविवार को कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है, जिसे ऋषि-मुनियों ने मानव कल्याण के लिए विकसित किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को विश्व स्तर पर पहचान मिली है और आज 200 से अधिक देशों में लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं।प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जौनपुर के ऐतिहासिक शाही किले के प्रांगण में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया।
 
इस वर्ष की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” (स्वस्थ आयु के लिए योग) रही।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसमें राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, एमएलसी बृजेश सिंह “प्रिंशू”, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, डॉ. अजय सिंह, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे।राज्यमंत्री यादव ने कहा कि योग मानव जीवन को स्वस्थ, संतुलित और निरोग बनाने का सर्वोत्तम माध्यम है।
 
 
उन्होंने 15 से 21 जून तक चल रहे योग सप्ताह के अंतर्गत जनपद में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी और लोगों से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संदेश का सजीव प्रसारण देखा गया।
 
पतंजलि योग समिति के सह राज्य प्रभारी अचल हरिमूर्ति द्वारा कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया गया, जिसमें ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, उत्तानपादासन, शशकासन, मकरासन, भुजंगासन सहित कई आसन और कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, शीतली प्राणायाम तथा ध्यान शामिल था।अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को दैनिक जीवन में शामिल करने का संकल्प लिया और शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, एनसीसी स्वयंसेवकों और पुलिस विभाग की सराहना की। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि वे अपने फोटो आयुष कवच ऐप पर अवश्य अपलोड करें।
 
योग सप्ताह में रिकॉर्ड सहभागिता:
15 से 20 जून 2026 तक जनपद में कुल 6,71,370 लोगों ने योगाभ्यास किया।
  • जनपद स्तर: 20,122
  • तहसील स्तर: 53,330
  • विकास खंड स्तर: 95,608
  • ग्राम पंचायत स्तर: 5,02,310
कार्यक्रम का संचालन प्रीति और नूपुर श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार