सोनभद्र में 257 करोड़ से बनेंगी 86 किमी लंबी 6 सड़कें, योगी सरकार ने दी मंजूरी, बढ़ेगी कनेक्टिविटी और उद्योग

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

सोनभद्र, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के आदिवासी बहुल सोनभद्र जिले में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए योगी सरकार ने 257 करोड़ रुपये की लागत से करीब 86 किलोमीटर लंबी छह सड़कों के निर्माण को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य जिले को अन्य जनपदों और पड़ोसी राज्यों से बेहतर तरीके से जोड़ना और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

कनेक्टिविटी होगी बेहतर

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि सोनभद्र के पिछड़ेपन को दूर करने और निवेश के अनुकूल माहौल बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। जिले में उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए इन सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। सड़कें बनने के बाद चार राज्यों की सीमाओं से घिरे सोनभद्र की संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी, जिससे माल ढुलाई में समय और लागत दोनों कम होंगे।

इन मार्गों पर काम

प्रस्तावित परियोजनाओं के तहत सलैयाडीह से खरौंदी तक 15.84 किलोमीटर लंबी दो लेन सड़क का निर्माण 61.65 करोड़ रुपये की लागत से होगा। बखिरवा से स्वागत गेट बीजपुर तक 20.17 किलोमीटर दो लेन सड़क पर 49 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। औड़ी मोड़ अनपरा से शक्तिनगर तक 18.42 किलोमीटर लंबी चार लेन सड़क का निर्माण 55.72 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा।

मध्य प्रदेश से जुड़ेगा मार्ग

इसके अलावा औड़ी मोड़ अनपरा से मध्य प्रदेश के मिर्चाधूरी रेलवे स्टेशन तक 12.15 किलोमीटर डेढ़ लेन सड़क का निर्माण 24.70 करोड़ रुपये से किया जाएगा। नधिरा से बखिरवा तक 10 किलोमीटर सड़क निर्माण पर करीब 1.60 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जबकि डिबुलगंज से जोगेंद्रा तक 10 किलोमीटर सड़क के निर्माण पर लगभग 64.50 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।

सर्वे और टेंडर जल्द

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए जल्द ही सर्वे और टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क से उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और सोनभद्र को विकसित एवं सुव्यवस्थित जिले के रूप में नई पहचान मिलेगी।

ये भी पढ़ें:- Kaushambi News: कौशांबी में करंट लगने से सिपाही की मौत, मिक्सी ठीक करते समय हुआ हादसा

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज