अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : बाराबंकी में मंत्री सतीश शर्मा ने किया योगी, कहा- योग भारत की अमूल्य धरोहर, स्वस्थ जीवन का आधार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिलेभर में हुआ सामूहिक योगाभ्यास, जीआईसी ऑडिटोरियम में मुख्य समारोह, हजारों लोगों ने लिया निरोगी जीवन का संकल्प

बाराबंकी, अमृत विचार। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को पूरा जनपद योगमय हो उठा। शहर से लेकर गांवों तक स्कूल, कॉलेज, सरकारी कार्यालय, पार्क, न्यायालय, कारागार, थाना परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ रही, जिसके माध्यम से बढ़ती उम्र में स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर जीवन के लिए योग को अपनाने का संदेश दिया गया।

मुख्य समारोह राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ, जहां उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक शशिकांत अवस्थी के निर्देशन में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया।

cats

राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और विश्व के अनेक देशों में लोग योग को अपनाकर निरोग जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि योग भारत की गौरवशाली परंपरा का अभिन्न अंग है और वर्तमान समय में जीवनशैली जनित बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन की जीवनशैली बनाना समय की आवश्यकता है तथा इस वर्ष की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रूप से प्रासंगिक है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा भुल्लन वर्मा, पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह, एडीएम निरंकार सिंह, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

cats

शहर स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम प्रमुख सचिव, सार्वजनिक उद्यम विभाग नीना शर्मा के नेतृत्व में सीडीओ अन्ना सुदन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, सीएमओ डॉ. रंजन गौतम, समेत लगभग 250 खिलाड़ियों, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने योगाभ्यास किया। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में पुलिस लाइन्स ग्राउंड में पुलिस कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक योगाभ्यास किया। एसपी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है, जो शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का कार्य करता है।

इधर, जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष प्रतिमा श्रीवास्तव के निर्देशन में जिला न्यायालय परिसर में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। योग प्रशिक्षक सुनीता शुक्ला और देवांश शुक्ला ने योगाभ्यास कराया। जिला कारागार एवं राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में भी योग कार्यक्रम आयोजित कर नालसा की योजनाओं की जानकारी दी गई।

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बाराबंकी शाखा द्वारा शहीद स्मारक उद्यान में विशेष राजयोग कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवाकेंद्र संचालिका राजयोगिनी अनुराधा दीदी ने राजयोग के माध्यम से तनावमुक्त एवं सकारात्मक जीवन का संदेश दिया। राजयोगिनी प्रीति दीदी, बीके प्रदीप तथा बीके रामसेन ने योग, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में करीब 150 नागरिकों और वीपीएस ग्लोबल अकादमी के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

रामसनेहीघाट में पायका मैदान, तहसील परिसर एवं ब्लॉक बनीकोडर में आयोजित योग शिविर में उपजिलाधिकारी अनुराग सिंह, तहसीलदार शशांक नाथ, नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. ज्ञान प्रकाश यादव, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, ब्लॉक प्रमुख चन्द्र शेखर वर्मा, भाजपा नेता कमलेश वर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह सलूजा, भाजपा जिला मंत्री विवेक तिवारी सहित अनेक लोगों ने योगाभ्यास किया। योगाचार्य राम कुमार श्रीवास्तव ने योग के महत्व पर प्रकाश डाला। ग्राम छन्दवल स्थित चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल में स्वयंसेवी संस्था बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा आयोजित योग शिविर में संस्था अध्यक्ष रत्नेश कुमार के निर्देशन में योगाचार्य अमर सिंह वर्मा और प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को योगाभ्यास कराया। 

रामनगर के महादेवा ऑडिटोरियम में चरैवेति फाउंडेशन के अध्यक्ष केपी तिवारी के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में योग गुरु रवि प्रकाश, योगाचार्य अखिलेश पांडेय और गजानन प्रसाद शुक्ला ने योगाभ्यास कराया। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री सतीश चन्द्र शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्र रहे। कार्यक्रम में कल्पना तिवारी, संजय तिवारी, रामबाबू द्विवेदी, अलका मिश्रा, एसडीएम आनंद तिवारी सहित बड़ी संख्या में योग प्रेमी मौजूद रहे। वहीं रामनगर पीजी कॉलेज में पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी के नेतृत्व में भी सामूहिक योगाभ्यास किया गया।

cats

हैदरगढ़ क्षेत्र में ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में योग शिविर आयोजित हुए। मनरेगा उद्यान मंगौवा में रामदेव सिंह, रणवीर सिंह मोनू और सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने योग किया। विकास खंड त्रिवेदीगंज परिसर में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील सिंह, बीडीओ प्रियंका सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष सचिन वर्मा और मंडल महामंत्री अरुण अवस्थी ने सामूहिक योगाभ्यास किया। ग्रामोदय विकास संस्थान एवं दिव्यांग स्कूल फतेहगंज में देवी प्रसाद यादव, अजय यादव, मोहम्मद नसीर और संदीप श्रीवास्तव की मौजूदगी में दिव्यांग बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

उधर, कोठी के उच्च प्राथमिक विद्यालय केसरगंज में ब्लॉक प्रमुख आरती रावत ने शिक्षकों और बच्चों के साथ योगाभ्यास किया, जबकि सफदरगंज थाना परिसर में थाना प्रभारी अमर कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने योग कर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। जनपदभर में आयोजित योग कार्यक्रमों के अंत में प्रतिभागियों को नियमित योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प दिलाया गया।

संबंधित समाचार