Hardoi News: अधिशासी अधिकारी को एंटी करप्शन टीम ने 2 लाख रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा, लखनऊ ले गई
ठेकेदार से रिश्वत मांगी, आवास पर पकड़ा गया; बेहोशी का नाटक भी किया
शाहाबाद (हरदोई) नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी के.के. सोनकर को सोमवार दोपहर 2:30 बजे एंटी करप्शन टीम ने उनके आवास पर एक ठेकेदार से 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। टीम ने उन्हें तुरंत लखनऊ ले जाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शाहाबाद (हरदोई), अमृत विचार। शाहाबाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी के.के. सोनकर को सोमवार को दोपहर 2:30 बजे एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। टीम ने उन्हें एक ठेकेदार से दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा।
यह कार्रवाई अधिशासी अधिकारी के आवास पर की गई। एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार अधिकारी को तुरंत लखनऊ ले जाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर पालिका कर्मचारियों ने भी अधिकारी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
मामले के अनुसार, अधिशासी अधिकारी के.के. सोनकर ने हरदोई के एक ठेकेदार से दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। सोमवार को दोपहर ठेकेदार मोबाइल पर बात करके अधिकारी के आवास पहुंचा और रिश्वत की रकम लेकर गया। रिश्वत लेने के तुरंत बाद एंटी करप्शन टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
अधिशासी अधिकारी ने किया बेहोशी का नाटक
गिरफ्तारी के दौरान अधिशासी अधिकारी ने बेहोशी का नाटक करके टीम को भ्रमित करने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उन्हें अपनी गाड़ी में बिठाकर लखनऊ रवाना कर दिया।इस घटना के बाद शाहाबाद नगर पालिका परिषद में हड़कंप मच गया। शुरू में कुछ लोग इस मामले को एक आउटसोर्सिंग महिला कर्मचारी से जुड़े प्रेम प्रसंग से जोड़कर चर्चा कर रहे थे, लेकिन बाद में साफ हो गया कि यह रिश्वतखोरी का मामला है।
