Barabanki News : क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत व ताजिया मार्गों का करें निरीक्षण, डीएम ने दिए निर्देश
बाराबंकी, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उपभोक्ताओं के साथ अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक पखवाड़े अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक आयोजित कर कर्मचारीवार प्राप्त शिकायतों एवं उनके निस्तारण की समीक्षा करें, जिससे जवाबदेही सुनिश्चित हो सके और शिकायतों के समाधान की गुणवत्ता में सुधार आए।
बैठक में जिलाधिकारी ने मीटर रीडिंग कार्य को गंभीरता से लेने पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि मीटर रीडिंग अनिवार्य रूप से घर-घर जाकर की जाए, ताकि त्रुटिरहित बिलिंग सुनिश्चित हो सके तथा बिलिंग प्रतिशत निर्धारित मानकों के अनुरूप बना रहे। उन्होंने ढीले एवं जर्जर विद्युत तारों को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए। वर्तमान समय में आंधी और खराब मौसम के कारण विद्युत लाइनों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग की टीमों को पूर्ण सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि लाइन फाल्ट एवं अन्य तकनीकी समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया जाए, ताकि विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल हो सके और उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। आगामी मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ताजिया मार्गों का पूर्व में ही निरीक्षण कर लिया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी विद्युत तार ढीले या झूलते हुए न हों।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता होने पर समय रहते मरम्मत एवं सुधार कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, जिससे पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, अधीक्षण अभियंता विद्युत भविष्य कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत घनश्याम त्रिपाठी सहित विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
