Gonda News: करनैलगंज में सपा का जोरदार प्रदर्शन, महंगाई-बेरोजगारी और कानून व्यवस्था के खिलाफ 22 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा
पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह और बैजनाथ दूबे के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला, एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम सौंपा मांगपत्र
करनैलगंज/गोंडा, अमृत विचार : बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिजली दरों में वृद्धि, डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी तथा प्रदेश की कानून व्यवस्था के विरोध में समाजवादी पार्टी ने सोमवार को करनैलगंज में जोरदार प्रदर्शन किया। करनैलगंज और कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्रों के सपा कार्यकर्ता डाक बंगले पर एकत्र हुए, जहां नेताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया।
सपा जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह और कटरा बाजार के पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे ने किया। नेताओं के संबोधन के बाद कार्यकर्ताओं ने डाक बंगले से तहसील परिसर तक मार्च निकाला और एसडीएम कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया।

हाथों में सरकार विरोधी तख्तियां लिए हजारों कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक से सपने टूटे, महंगाई से घर घर रुठे, पेट्रोल डीजल के बढ़ते दाम, जनता पूछे किसका काम, महंगाई की मार बेरोजगारी का वार, पेपर लीक से टूटा युवाओं का का सपनातोड़ी कमर, जवाब दो भाजपा सरकार, रसोई हुई बेहाल, भाजपा जिम्मेदार और भाजपा सरकार पूरी तरह फेल जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन के बाद नेताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित 22 सूत्रीय मांगपत्र एसडीएम नेहा मिश्रा को सौंपा। सभा को संबोधित करते हुए योगेश प्रताप सिंह और बैजनाथ दूबे ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से किसान, व्यापारी और आम नागरिक परेशान हैं। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से जनता की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है।
उन्होंने प्रदेश में कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। पूर्व एमएलसी महफूज खान, प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह और विनोद शुक्ल ने कहा कि जनता के आर्थिक शोषण और जनसमस्याओं के खिलाफ पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। इस मौके पूर्व चेयरमैन शमीम अच्छन, अधिवक्ता अरविंद शुक्ला, ज्वाला प्रसाद तिवारी, फहीम अहमद पप्पू, मोहसिन खान, राहुल सिंह प्रधान, कौशलेन्द्र प्रताप सिंह ‘गब्बू’, आशीष शुक्ल, दिवाकर सिंह, प्रतीक सिंह, जमील राइनी समेत बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
