Pilibhit News : बंदूक साफ करते समय चला फायर, राइस मिलर के गाल में लगी गोली..अचानक ट्रिगर दबने से हादसा

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बिलसंडा, अमृत विचार। बंदूक की सफाई के दौरान अचानक हुए फायर में राइस मिलर गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली उनके बाएं गाल को चीरती हुई निकल गई। हादसे के बाद परिवार में हड़कंप मचा रहा। आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, वहां से हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर कर दिया है। इधर, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बता दें कि नगर के रहने वाले राइस मिलर सौरभ उर्फ सनी जिंदल सोमवार दोपहर अपने घर पर बंदूक की सफाई कर रहे थे। उस समय उनकी पत्नी और बेटा पूजा के लिए बाहर गए हुए थे। परिजनों के अनुसार, बंदूक की सफाई के दौरान अचानक फायर हो गया। गोली सौरभ के बाएं गाल में लगते हुए निकल गई, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। लहूलुहान हालत में उन्हें देख परिजन घबरा गए और आनन-फानन में निजी अस्पताल लाए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया। इस पर परिजन ने बरेली के एक निजी अस्पताल भर्ती कराया है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में बंदूक की सफाई के दौरान फायर होने से घायल होने की बात सामने आई है। फिलहाल की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार