गोरखपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा में लापरवाही, ड्यूटी से नदारद मिली महिला कांस्टेबल, SSP ने बैठाई जांच
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में स्थित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में चल रही पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान ड्यूटी में लापरवाही का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि विश्वविद्यालय में चल रही पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा एक महिला आरक्षी को चेकिंग ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित पाया गया, जिसके बाद उच्च अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ड्यूटी से नदारद महिला आरक्षी
जानकारी के अनुसार, परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के तहत महिला अभ्यर्थियों की चेकिंग के लिए महिला आरक्षियों की तैनाती की गई थी। निरीक्षण के दौरान एक महिला आरक्षी अपनी ड्यूटी से नदारद मिली, जिससे परीक्षा व्यवस्था में लापरवाही उजागर हुई। इस संबंध में तत्काल सूचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ को दी गई।
एसएसपी ने दिए विभागीय जांच के आदेश
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने संबंधित महिला आरक्षी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस भर्ती परीक्षा जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में सुरक्षा व्यवस्था सर्वाेच्च प्राथमिकता होती है। ऐसे में किसी भी कर्मी की लापरवाही पूरे सिस्टम की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर सकती है।
दोषी पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई
पुलिस विभाग ने संकेत दिया है कि जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित महिला आरक्षी के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अन्य ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को भी सतर्क रहने और अपने कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया है कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की चूक या अनियमितता को तुरंत पकड़ा जा सके और समय रहते कार्रवाई की जा सके।
