रायबरेली : डिवाइडर से टकराई बाइक, युवती की मौत, चालक घायल
जगतपुर, रायबरेली, अमृत विचार : थाना क्षेत्र में शनिवार शाम धोबहा पुल के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक पर सवार युवती की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ओखाहरा गांव निवासी चांदनी (22) पुत्री कलहर अपनी बुआ के घर चौहान का पुरवा आई हुई थी। शनिवार शाम वह दीपू (25) निवासी पूरे बक्स के साथ बाइक से लक्ष्मणपुर जा रही थी। जैसे ही उनकी बाइक धोबहा पुल के पास पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ने से डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर पहुंचाया। वहां मौजूद डॉ. विपिन कुमार ने जांच के बाद चांदनी को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं घायल दीपू का उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही जगतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना प्रभारी वागीश मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के कारण दुर्घटना हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घायल का उपचार कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : गोंडा : काली पट्टी बांध शिक्षामित्रों ने किया सांकेतिक प्रदर्शन, पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपा
