गोंडा : काली पट्टी बांध शिक्षामित्रों ने किया सांकेतिक प्रदर्शन, पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपा
गोंडा, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के जिलाध्यक्ष अवधेश मणि मिश्रा के नेतृत्व में शनिवार को जनपद के शिक्षामित्रों ने काली पट्टी बांधकर सांकेतिक हड़ताल की। इसके बाद जिला पंचायत परिसर स्थित टीनशेड में एकत्र होकर समायोजन निरस्त होने के बाद अवसाद में जान गंवाने वाले दिवंगत शिक्षामित्र साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बाद में मुख्यमंत्री के नाम संबोधित पांच सूत्रीय मांगपत्र जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया गया।
शिक्षामित्रों ने मांग की कि एनसीटीई के मानकों को पूरा करने वाले तथा टीईटी उत्तीर्ण लगभग 60 हजार शिक्षामित्रों को सुपर टीईटी से छूट देते हुए शिक्षक पद पर समायोजित किया जाए। साथ ही उनकी योग्यता एवं लंबे अनुभव को देखते हुए सेवानिवृत्ति की आयु 60 वर्ष से बढ़ाकर 62 वर्ष की जाए तथा 11 माह के बजाय पूरे 12 माह का मानदेय दिया जाए। ज्ञापन में परिषदीय विद्यालयों में आयोजित होने वाली स्पेशल टीईटी परीक्षा में शिक्षामित्रों को शामिल करने, असामयिक निधन होने वाले शिक्षामित्रों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने तथा परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।
संघ ने यह भी कहा कि शासन के 9 दिसंबर 2025 के निर्देश के अनुसार शिक्षामित्रों की मूल विद्यालय वापसी तथा महिला शिक्षामित्रों को उनके पति के निवास स्थान के निकट तैनाती का आदेश अब तक गोंडा में लागू नहीं किया गया है। इसके चलते कई शिक्षामित्रों को प्रतिदिन 80 से 90 किलोमीटर की यात्रा कर विद्यालय जाना पड़ रहा है। उन्होंने शीघ्र स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू कर पात्र शिक्षामित्रों को इसका लाभ देने की मांग की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार शुक्ला, जिलाध्यक्ष अवधेश मणि मिश्रा, राजकुमार शुक्ला 'मार्शल', कृष्ण कुमार पांडेय, तेजेंद्र कुमार शुक्ला, अभिमन्यु मिश्र, राजेंद्र प्रसाद वर्मा, विनायक उपाध्याय, शिव किशोर पांडेय, हनुमंत कुमार तिवारी, राकेश सिंह, शिवकुमार जायसवाल, रीता पांडेय, मनोज कुमार, नूर अहमद, गणेश कुमार, अशोक त्रिपाठी, शिवशंकर यादव, शाकिर अली, निर्मल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।
