Sultanpur News: कटहल के पेड़ से लटका मिला 80 वर्षीय बुजुर्ग का शव, जांच में जुटी पुलिस
सुलतानपुर,अमृत विचार। कोतवाली देहात क्षेत्र के बदरुद्दीनपुर गांव में शनिवार सुबह एक 80 वर्षीय बुजुर्ग का शव घर के सामने कटहल के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
चारपाई के पास घुटने के बल मिला शव
मृतक की पहचान बदरुद्दीनपुर निवासी देवतादीन यादव (80) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह जब वे सोकर उठे और दरवाजा खोला, तो सामने कटहल के पेड़ से देवतादीन का शव लटका देखा। आनन-फानन में इसकी सूचना डायल-112 पर पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम और थाना प्रभारी ने घटनास्थल का मुआयना किया। घटनास्थल पर शव की स्थिति संदिग्ध नजर आई; मृतक के पैर घुटनों से मुड़े हुए जमीन पर टिके थे और शव रस्सी के सहारे वहीं रखी एक चारपाई के बगल में लटका हुआ था।
बीमारी से परेशान थे बुजुर्ग
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ और जांच में सामने आया है कि देवतादीन यादव पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और इसी वजह से काफी मानसिक तनाव में रहते थे। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मानकर आगे की जांच कर रही है। मृतक की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। उनका इकलौता बेटा ब्रह्मदेव यादव उर्फ करिया, जो आमतौर पर परदेश में रहता है, इन दिनों घर पर ही अपनी पत्नी के साथ मौजूद था।
क्या बोले जिम्मेदार?
"शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।"-रितिक कपूर, क्षेत्राधिकारी (लम्भुआ)
ये भी पढ़ें :
फतेहपुर में सीएम योगी, 53 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात; जानिए पूरा कार्यक्रम
