गोंडा में पुलिस मुठभेड़: एसओजी और देहात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इनामी चेन स्नेचर घायल, तमंचा और बाइक बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

गोंडा, अमृत विचार: गोंडा जिले में राहगीरों से सोने की चेन झपटने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार की देर रात थाना कोतवाली देहात और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम के साथ हुई पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर चेन स्नेचर घायल हो गया। आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

संदिग्ध बाइक सवार ने रोके जाने पर चलाई गोली

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि देहात कोतवाली प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह और एसओजी प्रभारी मनीष कुमार की टीम रामनगर-विसनागा लिंक रोड स्थित भोला ईंट-भट्ठे के समीप वाहनों की जांच कर रही थी। उसी दौरान बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल पर आ रहे एक संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया। रुकने के बजाय आरोपी ने भागते हुए पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। आत्मरक्षा में की गई पुलिस की जवाबी गोलीबारी में आरोपी जख्मी होकर गिर पड़ा।

कई वारदातों में शामिल था गिरोह, असलहा और नकदी जब्त

पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहल्ला मेवतियान (थाना कोतवाली नगर) निवासी राजा उर्फ गुलाम हुसैन के रूप में हुई है। तलाशी में उसके पास से 5,900 रुपये नकद, 12 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर राहगीरों को निशाना बनाता था। उसने देहात कोतवाली और उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्रों में हुई स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है।

एसपी ने बताया कि इस गिरोह के एक अन्य सदस्य उवैस को बीते 20 जुलाई को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट के तहत नया केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ेंः गोंडा कलेक्ट्रेट पर भीम आर्मी और ASP का हल्लाबोल: NEET मामले में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पुलिस बर्बरता पर सख्त कार्रवाई की मांग

संबंधित समाचार