Hardoi News: मेले में समोसा खाने से 5 साल के मासूम की मौत, पिता ने मौसी पर लगाया जहर देने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

हरदोई। जिले के सवायजपुर क्षेत्र में देवी मां के मंदिर में आयोजित मेले के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पिता के साथ मेला देखने गए 5 वर्षीय मासूम की समोसा खाने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं, मृतक के पिता ने अपनी ही मौसी पर बच्चे को समोसे में जहर देकर मारने का गंभीर आरोप लगाया है।

समोसा खाते ही बिगड़ी मासूम की तबीयत

जानकारी के अनुसार, सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के बिल्सर हिलेन निवासी सोनपाल शुक्रवार को अपने 5 वर्षीय बेटे आकाश को देवी मां के मंदिर में लगा मेला दिखाने ले गया था। सोनपाल ने बताया कि मेले में उसकी मौसी राजेश्वरी (निवासी लीला नगला) भी आई हुई थी। आरोप है कि मेले में समोसा खाने के तुरंत बाद ही मासूम आकाश की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसकी हालत गंभीर हो गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम

बेटे की हालत बिगड़ती देख पिता सोनपाल आनन-फानन में उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सवायजपुर पहुंचा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। सोनपाल ने अपनी मौसी राजेश्वरी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने रंजिश के तहत मासूम को समोसे में जहर मिलाकर खिला दिया, जिससे उसकी जान चली गई।

पुलिस का बयान, मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : 
Sultanpur News: कटहल के पेड़ से लटका मिला 80 वर्षीय बुजुर्ग का शव, जांच में जुटी पुलिस 

संबंधित समाचार