Sultanpur News: जमीन विवाद में जानलेवा हमले के आरोपी पूर्व पालिकाध्यक्ष के बेटे अफ्फान को जेल, 31 जुलाई तक न्यायिक हिरासत

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

सुलतानपुर में जमीन विवाद से जुड़े जानलेवा हमले के मामले में पूर्व पालिकाध्यक्ष सैय्यद मोहम्मद रहमान उर्फ मानू के पुत्र सैय्यद मोहम्मद अफ्फान को अदालत ने 31 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। यह कार्रवाई 30 मई को दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई।

सुलतानपुर। जमीन विवाद में हुए जानलेवा हमले के मामले में नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष सैय्यद मो. रहमान उर्फ मानू के पुत्र सैय्यद मो. अफ्फान को गिरफ्तार कर पुलिस ने शनिवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) नवनीत सिंह की अदालत में पेश किया।

सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से अधिवक्ता संतोष पांडेय ने पुलिस की कार्रवाई को विधिसम्मत बताते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग की। वहीं बचाव पक्ष के अधिवक्ता अरविंद सिंह राजा व दीपांशु निगम ने गिरफ्तारी को गलत बताते हुए पुलिस रिमांड का विरोध किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सीजेएम नवनीत सिंह ने आरोपी सैय्यद मो. अफ्फान को 31 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने का आदेश दिया।

गौरतलब है कि 30 मई को कोतवाली नगर क्षेत्र के जमाल गेट, खैराबाद निवासी इकबाल अहमद ने जमीन विवाद को लेकर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगाते हुए पूर्व पालिकाध्यक्ष सैय्यद मो. रहमान उर्फ मानू, उनके पुत्र सैय्यद मो. अफ्फान समेत पांच नामजद और छह अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी अफ्फान को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

संबंधित समाचार