KGMU Convocation 2026 : केजीएमयू में दीक्षांत समारोह आज, 1701 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां, राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि, डॉ. आरके गर्ग को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ के KGMU का दीक्षांत समारोह आज होगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि होंगे। 1701 विद्यार्थियों को डिग्रियां, 54 मेधावियों को पदक और डॉ. आरके गर्ग को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया जाएगा।

लखनऊ, अमृत विचार : किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) का दीक्षांत समारोह सोमवार को आयोजित होगा। समारोह में मेधावी छात्रा दीप्ति शर्मा सबसे अधिक सुर्खियों में रहेंगी। उन्हें विश्वविद्यालय के दो सर्वोच्च सम्मान हीवेट मेडल और चांसलर मेडल सहित 12 गोल्ड, दो सिल्वर सहित कुल 16 पदकों से नवाजा जाएगा। वहीं अभिलाषा घोष को 13 पदक प्रदान किए जाएंगे। इस वर्ष 20 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 54 पदक दिए जाएंगे, जिनमें 11 छात्र और नौ छात्राएं शामिल हैं।

शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने बताया कि दीक्षांत समारोह में कुल 1701 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 975 छात्र और 726 छात्राएं शामिल हैं। विश्वविद्यालय परिसर के 515 विद्यार्थियों के अलावा संबद्ध 11 मेडिकल कॉलेजों और सात नर्सिंग कॉलेजों के 1186 छात्र-छात्राओं को भी डिग्रियां दी जाएंगी। कुल उपाधि प्राप्त करने वालों में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 43 प्रतिशत है।

समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर न्यूरोलॉजी विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आरके गर्ग को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। वहीं नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास को चिकित्सा प्रशासन एवं स्वास्थ्य नीति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद विज्ञान वाचस्पति (डी.एससी.) की उपाधि प्रदान की जाएगी।

इन मेधावियों को भी मिलेगा सम्मान

अनुसूचित जाति वर्ग में डॉ. आरएमएल मेहरोत्रा स्मृति गोल्ड मेडल निधि सिंह को मिलेगा।अभिलाषा घोष को नौ गोल्ड और एक सिल्वर पदक दिया जाएगा। वहीं, अनीकेत चंद्र सक्सेना को भी तीन गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज सहित प्रमुख पदकों से सम्मानित किया जाएगा। सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों के दस चिकित्सकों को स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। नर्सिंग वर्ग में साक्षी त्रिपाठी को पद्मश्री डॉ. सभ्यसाची सरकार स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा।

सर्वश्रेष्ठ स्नातकोत्तर शोध प्रबंध के लिए डॉ. शालिनी सिंह और डॉ. अरित्र साहा को छात्रवृत्ति सहित सम्मानित किया जाएगा। खेलों में निखिल वर्मा को बकले कप और दिव्यांशी सिंह को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का पुरस्कार मिलेगा। वहीं प्रख्यात शिक्षक सम्मान के तहत प्रो. आरके गर्ग को प्रो. केबी भाटिया गोल्ड मेडल से नवाजा जाएगा।

दीक्षांत में नई पहलें भी होंगी लॉन्च

समारोह के दौरान एम्स पटना के संस्थापक निदेशक डॉ. जीके सिंह की पुस्तक का विमोचन किया जाएगा। साथ ही विद्यालय एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए ''हृदय संजीवनी'' आधारभूत जीवन रक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसे भविष्य में प्रदेश के सभी 75 जिलों तक विस्तार देने की योजना है। ट्रॉमा सेंटर में मरीजों के बेड तक जांच सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चलित सीटी स्कैन सेवा का उद्घाटन, विश्वविद्यालय के नए केंद्रीय सूचना केंद्र का लोकार्पण भी किया जाएगा। इसके अलावा गोद लिए गए गांवों के विद्यार्थियों को पुरस्कार, हरदोई की पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किट और एक शिक्षक को पुस्तकें भेंट की जाएंगी।

एआई आधारित स्वास्थ्य सेवाओं पर रहेगा जोर

विश्वविद्यालय प्रशासन ने भविष्य की विकास योजनाओं का भी खाका पेश किया। इनमें राष्ट्रीय महत्व के संस्थान का दर्जा प्राप्त करने की पहल, 500 बेड का नया ट्रॉमा सेंटर, अत्याधुनिक जनरल सर्जरी एवं प्रशासनिक भवन, महिलाओं के लिए समर्पित स्वास्थ्य केंद्र, हार्ट एवं लंग ट्रांसप्लांट सेंटर, आधुनिक डेंटल चिकित्सा भवन, एआई एवं स्वास्थ्य केंद्र, डाटा विज्ञान केंद्र, वृद्धजन गहन चिकित्सा इकाई तथा चलित स्वास्थ्य सेवाओं की स्थापना जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं शामिल हैं।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज