Green UP : 'एक पेड़ मां के नाम', मुख्यमंत्री ने गोरखपुर से किया वृक्षारोपण महायज्ञ का शुभारंभ, एक दिन में लगाएंगे 35 करोड़ पौधे
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के किनारे सीएम ने लगाए पीपल, नीम और बरगद के पौधे, पेड़ों संग सेल्फी ली और छोड़े गुब्बारे
सीएम योगी ने कहा कि गर्मी और सर्दी दोनों चरम पर पहुंच रही है। ग्लोबल वार्मिंग को लेकर पूरी दुनिया अलर्ट है। इसलिए सिर्फ पौधे लगाना भर काफी नहीं है। बल्कि उनकी देखभाल करना हमारी जिम्मेदारी है। आज हालात कितने खराब हो चुके हैं। समुद्र के किनारे बसे कई शहर खतरे के निशान पर हैं। कई शहर गैस चैंबर बनते जा रहे हैं। बीमार-बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल है। डॉक्टर उन्हें घर में रहने की सलाह देते हैं।
अमृत विचार, लखनऊ : उत्तर प्रदेश आज हरियाली महोत्सव मना रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में 'एक पेड़ मां के नाम' संदेश के साथ पौधा लगाकर वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ किया। रविवार को यूपी में एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। गांव, गांव, शहर-कस्बों तक पौधरोपण की बहार छाई है। हरा-भरा प्रदेश बनाने के इस महाअभियान में सुबह तक ही एक करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने भी गोरखपुर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रदेशवासियों से वृक्षारोपण महायज्ञ में जुटने का आह्वान किया।
गैस चैंबर बनते जा रहे शहर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम का स्वरूप बदल रहा है। गर्मी और सर्दी दोनों चरम पर पहुंच रही है। ग्लोबल वार्मिंग को लेकर पूरी दुनिया अलर्ट है। इसलिए सिर्फ पौधे लगाना भर काफी नहीं है। बल्कि उनकी देखभाल करना, हमारी जिम्मेदारी है। आज हालात कितने खराब हो चुके हैं। समुद्र के किनारे बसे कई शहर खतरे के निशान पर हैं। शहर गैस चैंबर बनते जा रहे हैं। बीमार-बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल है। डॉक्टर उन्हें घर में रहने की सलाह देते हैं। ऐसे हालात क्यों हैं? सिर्फ इसलिए क्योंकि अंधाधुंध पेड़ काटकर, जल स्रोतों को खत्म किया जा रहा है। इसका परिणाम समूची मानवता भुगत रही है।
पेड़ के साथ सीएम की सेल्फी
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में पौधरोपड़ के बाद पौधों के साथ सेल्फी ली। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के किनारे बरकद, पीपल और नीम के पौधे लगाए। आसमान में गुब्बारे छोड़े। आमजन को संदेश दिया कि वृक्षारोपण के महायज्ञ में शामिल हों। पौधे लगाएं। देखभाल करके उन्हें बड़ा करें। हरियाली के बिना मनुष्य का अस्तित्व संकट में पड़ जाएगा।
9 साल में 242 करोड़ पौधे लगाए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ करते हुए कहा कि पिछले नौ साल में प्रदेश में 242 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। पिछले साल 35 करोड़ पौधे लगाए गए थे। माताओं-बहनों को धुएं से आजाद कराने के लिए 10 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला योजना के अंतर्गत मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए। रसोई का धुआं छंटने के बाद उनकी आंखों रोशनी सुरक्षित हुई। दूसरी बीमारियों से भी मुक्ति मिली है।
