Ayodhya Ram Mandir News : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर विपक्ष पर बरसे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, बोले- 'मंदिर पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं'

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अयोध्या में चढ़ावा चोरी की घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण, सपा-कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति और राम मंदिर विरोध का लगाया आरोप

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने विपक्ष पर तुष्टीकरण की राजनीति और राम मंदिर विरोध का आरोप लगाया।

लखनऊ, अमृत विचार। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन इस मुद्दे पर राजनीति करने वाले दलों ने हमेशा राम मंदिर निर्माण का विरोध किया और उन्हें अयोध्या पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

पत्रकारों से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने कहा कि पूरा देश और सनातन समाज जानता है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने हमेशा राम मंदिर निर्माण का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों ने वर्षों तक मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति की, जिसका राजनीतिक परिणाम उन्हें भुगतना पड़ेगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यही वे लोग हैं जिन्होंने निहत्थे रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और अयोध्या को रक्तरंजित किया। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष ने भगवान श्रीराम के जन्मस्थान पर भी सवाल उठाए थे और न्यायालय में भी इसी तरह का रुख अपनाया था।

ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के एक कथित वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि उसमें भगवान राम के दोबारा वनवास जाने जैसी बातें कही गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने हमेशा भगवान राम और सनातन संस्कृति के खिलाफ बेबुनियाद टिप्पणियां कर माहौल खराब करने की कोशिश की है।

डिप्टी सीएम ने कथित तौर पर बाबरी मस्जिद के लिए जुटाए गए चंदे और वक्फ से जुड़े मामलों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को बताना चाहिए कि बाबरी मस्जिद के नाम पर जुटाया गया धन कहां गया। साथ ही वक्फ से जुड़े कथित घोटालों और मदरसों की फंडिंग के स्रोत पर भी जवाब देना चाहिए।उन्होंने कहा कि देश की जनता सनातन संस्कृति को बदनाम करने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं करेगी और विपक्ष को इस तरह की राजनीति से बचना चाहिए।

संबंधित समाचार