गोंडा : खरगूपुर में बाइक सवार को घेरकर गोली मारी, चार के खिलाफ मुकदमा
खरगूपुर, गोंडा : थाना इटियाथोक क्षेत्र में मंगलवार रात मोटरसाइकिल से जा रहे एक व्यक्ति पर पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घायल की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना इटियाथोक क्षेत्र के बसंतपुर राजा निवासी आनंद कुमार मिश्र (47) मंगलवार रात करीब आठ बजे मोटरसाइकिल से अपने घर से महराजगंज जा रहे थे। वह जानकी नगर पोखरा के पास पहुंचे ही थे कि पहले से घात लगाए मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने उन पर असलहे से कई राउंड फायर कर दिए। फायरिंग में एक गोली आनंद कुमार के दाहिने पैर की जांघ में लगी, जबकि दूसरी गोली उनकी मोटरसाइकिल की टंकी में जा धंसी। गोली लगने के बाद भी आनंद कुमार ने हिम्मत नहीं हारी और मोटरसाइकिल चलाते हुए करीब 500 मीटर दूर गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर पहुंचे। वहां मौजूद लोगों को उन्होंने पूरी घटना बताई।
लोगों ने आनन-फानन में निजी वाहन से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों में भी हलचल मच गई। सीओ ने रात में ही घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। वहीं पुलिस अधीक्षक ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर घायल का हाल जाना और घटना के संबंध में जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि घायल की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।
