Shahjahanpur News : तिलहर CHC में बड़ी लापरवाही, मदद के लिए चीखती रही प्रसूता; शौचालय में हुआ बच्चे का जन्म
अस्पताल में स्टाफ की शर्मनाक लापरवाही, शौचालय में तड़पती प्रसूता ने दिया बच्चे को जन्म
शाहजहांपुर के तिलहर सीएचसी में स्वास्थ्य कर्मियों की शर्मनाक लापरवाही सामने आई है। स्टाफ की अनदेखी से तड़पती प्रसूता ने अस्पताल के शौचालय में ही बच्चे को जन्म दे दिया।
शाहजहांपुर/तिलहर, अमृत विचार। जिले के तिलहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य कर्मियों की एक बड़ी और शर्मनाक लापरवाही उजागर हुई है। डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराई गई एक महिला ने स्टाफ की अनदेखी के चलते अस्पताल के शौचालय में ही बच्चे को जन्म दे दिया। प्रसूता दर्द से तड़पती रही और उसके परिजन मदद के लिए गुहार लगाते रहे, लेकिन प्रसव कक्ष में तैनात स्टाफ का कोई भी सदस्य मदद के लिए नहीं पहुंचा।
इस घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है और चिकित्सा अधीक्षक ने लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शौचालय में गिरी प्रसूता, नहीं आया कोई कर्मचारी
जानकारी के अनुसार, विकासखंड क्षेत्र के गांव बिलहरी निवासी नाजिम की 35 वर्षीय पत्नी अंजुम को बुधवार दोपहर सरकारी एंबुलेंस से तिलहर सीएचसी लाया गया था। वह अपने तीसरे बच्चे को जन्म देने वाली थीं। अस्पताल में भर्ती होने के कुछ देर बाद अंजुम को शौचालय जाने की जरूरत महसूस हुई, तो वह परिवार की एक महिला के साथ शौचालय गई। शौचालय के अंदर ही प्रसूता को अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी और वह दर्द के मारे फर्श पर गिरकर तड़पने लगी। अंजुम के साथ मौजूद महिला ने घबराकर अस्पताल स्टाफ को आवाजें लगाईं। उसने प्रसव कक्ष में मौजूद स्टाफ को भी पुकारा, लेकिन कोई भी कर्मचारी मदद के लिए वहां नहीं पहुंचा। आखिरकार, अस्पताल के स्टाफ की घोर लापरवाही के बीच महिला ने शौचालय के फर्श पर ही एक नवजात को जन्म दिया।
चिकित्सा अधीक्षक ने दिए कार्रवाई के निर्देश
बच्चे के जन्म के बाद जब अस्पताल में शोर मचा और अन्य लोगों ने दबाव बनाया, तब जाकर स्वास्थ्य कर्मियों ने अंजुम की सुध ली। इसके बाद जच्चा-बच्चा को वार्ड में ले जाकर प्राथमिक इलाज दिया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद अस्पताल से उन्हें छुट्टी दे दी गई है।
इस गंभीर मामले पर तिलहर सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओमेंद्र राठौर ने संज्ञान लिया है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा है कि, "लापरवाही की इस घटना को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ड्यूटी पर तैनात जो भी कर्मचारी इस घोर लापरवाही के दोषी पाए जाएंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।"
ये भी पढ़ें - Shahjahanpur News : बुजुर्ग महिलाओं को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा का तोहफा
