Lucknow News : लखनऊ को मिला नया लग्जरी ठिकाना! यहां खुला 181 कमरों वाला ताज पैलेस, नवाबी अंदाज के साथ मिलेंगी ये खास सुविधाएं
लखनऊ के गोमतीनगर में आईएचसीएल ने 181 कमरों वाला नया लग्जरी होटल ताज पैलेस शुरू किया है। होटल में कई रेस्तरां, वेलनेस सेंटर, रूफटॉप पूल और बिजनेस क्लब ‘द चैम्बर्स’ जैसी सुविधाएं हैं।
लखनऊ। नवाबी शहर लखनऊ की शान में एक और सितारा जुड़ गया है। इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) ने राजधानी के गोमतीनगर में अपने नए लग्जरी होटल ताज पैलेस का उद्घाटन किया है। 181 कमरों वाला यह होटल आधुनिक सुविधाओं के साथ लखनऊ की पारंपरिक नवाबी संस्कृति का अनुभव भी कराएगा।
आईएचसीएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत चटवाल ने कहा कि देश में आर्थिक गतिविधियों, निवेश और पर्यटन के विस्तार के साथ लखनऊ जैसे शहर तेजी से महत्वपूर्ण विकास केंद्र बनकर उभर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में दूसरे ताज होटल का उद्घाटन प्रदेश के बढ़ते आर्थिक और सामाजिक महत्व के साथ ही यहां आईएचसीएल की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
यूपी के 20 से ज्यादा शहरों में 60 होटल-परियोजनाएं
पुनीत चटवाल ने बताया कि आईएचसीएल लंबे समय से उत्तर प्रदेश में मौजूद है। कंपनी की राज्य के 20 से अधिक शहरों में करीब 60 होटल एवं परियोजनाएं हैं। कंपनी अपने अलग-अलग ब्रांड के जरिए उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और व्यावसायिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।
नवाबी अंदाज और आधुनिक सुविधाओं का संगम
गोमतीनगर के केंद्र में स्थित ताज पैलेस को आधुनिक वास्तुशिल्प और शांत वातावरण को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। हरियाली से घिरे इस होटल में आधुनिक सुविधाओं के साथ लखनऊ की नवाबी विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी। होटल में मेहमानों के लिए कई खास फूड और हॉस्पिटैलिटी विकल्प उपलब्ध हैं। इनमें आधुनिक कैफे ‘बिस्त्रोत’, चीनी व्यंजनों का रेस्तरां ‘हाउस ऑफ मिंग’, ऑल-डे डाइनिंग रेस्तरां ‘मचान’ और प्रीमियम व्हिस्की बार ‘शैडो एंड ओक’ शामिल हैं।
रूफटॉप पूल से लेकर वेलनेस सेंटर तक
ताज पैलेस में मेहमानों के लिए आयुर्वेद और समग्र स्वास्थ्य पर आधारित ‘जे वेलनेस सर्कल’, आधुनिक फिटनेस सेंटर और रूफटॉप स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं।
यूपी में पहली बार ‘द चैम्बर्स’
होटल की सबसे खास सुविधाओं में ताज समूह का विशेष सदस्यों के लिए आरक्षित बिजनेस क्लब ‘द चैम्बर्स’ भी शामिल है। उत्तर प्रदेश में पहली बार शुरू किया गया यह क्लब कॉर्पोरेट बैठकों और व्यावसायिक आयोजनों के लिए प्रीमियम और निजी वातावरण उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा होटल में बड़े बैंक्वेट हॉल और बहुउद्देश्यीय आयोजन स्थल बनाए गए हैं। इनके जरिए ताज पैलेस को कॉन्फ्रेंस, बिजनेस मीटिंग, शादी और सामाजिक आयोजनों के लिए भी प्रमुख स्थल के रूप में विकसित किया गया है।
यह भी पढ़ें:-UP Politics : मायावती ने Gen Alpha के प्रदर्शन पर जताया दुख, कहा- बच्चों की मांगों पर सहानुभूति से विचार करें सरकारें
