Budaun News : जर्जर सड़क और जलभराव से परेशान ग्रामीणों का प्रदर्शन
जलभराव और जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, बीडीओ ने दिया जांच का भरोसा
बदायूं के बिल्सी क्षेत्र के हैदलपुर गांव में जर्जर सड़क और जलभराव से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जल्द निर्माण की मांग की है।
बिल्सी, अमृत विचार। अंबियापुर विकासखंड के गांव हैदलपुर में लंबे समय से जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को एकत्र होकर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने शीघ्र सड़क निर्माण कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की मुख्य सड़क से गांव के अंदर आने वाली सड़क काफी समय से जर्जर हालत में है। बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन और भी मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को होती है। कई बार एंबुलेंस भी सड़क की स्थिति खराब होने के कारण फंस जाती है, जिससे मरीजों को समय पर उपचार मिलने में दिक्कत होती है। चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो वह आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन करने वालों में आदेश सिंह कठेरिया, विवेक कुमार, योगेश कुमार, विनोद कुमार, जालिम सिंह पाली, प्रसादी लाल, बेचेलाल, अंकित कुमार, नेत्रपाल, बंटी, मुकेश, रामदास और कुलदीप आदि मौजूद रहे। अंबियापुर की बीडीओ शैली गोविल ने बताया कि सड़क की समस्या की जानकारी मिली है। शीघ्र इसकी ग्राम सचिव द्वारा जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। ताकि निर्माण कराया जा सके।
ये भी पढ़ें - Bareilly News : बरेली में आशाओं का प्रदर्शन, हेल्थ कार्ड से लेकर वेतन बढ़ोत्तरी तक-ये उठाई मांगें
