Ayodhya News : शुक्रवार सुबह आठ बजे से 17 अगस्त की रात 11 बजे तक बंद रहेगा हाईवे, जानें वजह
अंबेडकरनगर के शिव बाबा पर जलाभिषेक के लिए सरयू जल लेने पहुंचे कांवड़िए
मणि पर्वत मेले, नाग पंचमी और सावन के तीसरे सोमवार को लेकर अयोध्या में यातायात व्यवस्था बदली गई है। 14 अगस्त सुबह आठ बजे से 17 अगस्त रात 11 बजे तक हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। कांवड़ यात्रा को देखते हुए परिक्रमा मार्ग आरक्षित किया गया है और अयोध्या से शिव बाबा धाम के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
अयोध्या, अमृत विचार: मणि पर्वत मेले, नाग पंचमी पर्व और सावन के तीसरे सोमवार को देखते हुए अयोध्या में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। जिला प्रशासन ने 14 अगस्त शुक्रवार सुबह आठ बजे से 17 अगस्त सोमवार रात 11 बजे तक हाईवे पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने का फैसला किया है। कांवड़ यात्रा को देखते हुए परिक्रमा मार्ग को भी आरक्षित किया गया है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा।
डीजे की धुन पर कांवड़ लेकर निकल रहे शिवभक्त
अयोध्या में गुरुवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़ियों के जत्थे पहुंचे। शिवभक्तों ने सरयू नदी में स्नान किया और नागेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के बाद हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद कांवड़िए डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए अंबेडकर नगर स्थित शिव बाबा धाम के लिए रवाना हुए। कांवड़ियों के लिए अयोध्या से दर्शन नगर, पूरा बाजार, मया बाजार और गोसाईगंज होते हुए शिव बाबा धाम तक जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है।
अंबेडकर नगर के शिवभक्तों की सबसे ज्यादा संख्या
शिव बाबा धाम में जलाभिषेक के लिए अंबेडकर नगर के शिवभक्तों की संख्या सबसे ज्यादा है। इसके अलावा सुलतानपुर, अमेठी, बाराबंकी समेत आसपास के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में कांवड़िए अयोध्या पहुंच रहे हैं।सुलतानपुर से कांवड़ लेकर पहुंचे राधेश्याम गुप्ता ने बताया कि वह शिव बाबा धाम में जलाभिषेक के लिए सरयू का जल लेने अयोध्या आए हैं। रास्ते में अलग-अलग स्थानों पर पड़ाव करते हुए वह शिव बाबा धाम पहुंचेंगे।
वहीं अंबेडकर नगर की महिला कांवड़िया लक्ष्मी सागर गुप्ता ने बताया कि वह हर साल जलाभिषेक के लिए आती हैं। पहले काशी में भी जल चढ़ा चुकी हैं और अब अपने क्षेत्र के शिव बाबा धाम में जलाभिषेक के लिए सरयू जल लेकर जा रही हैं।
यह भी पढ़ें:-Ram Mandir CEO : राम मंदिर के पूर्णकालिक सीईओ की दौड़ तेज, 18 उम्मीदवारों के इंटरव्यू पूरे; जानिए रेस में कौन है आगे
