Shravasti News : सरयू नहर में उतराता दिखा नवजात का शव, पुलिस पहुंचने से पहले बहा; तलाश जारी
गोविंदपुर गांव के पास दिखा नवजात का शव
श्रावस्ती के इकौना क्षेत्र में सरयू नहर में नवजात का शव उतराता मिला। पुलिस पहुंचने से पहले शव बह गया। पुलिस नहर में तलाश और मामले की जांच कर रही है।
इकौना (श्रावस्ती), अमृत विचार : इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर स्थित सरयू नहर में शुक्रवार को सुबह करीब आठ बजे एक नवजात शिशु (बालक) का शव उतराता दिखा। इससे पहले कि पुलिस मौके पर पहुंचती शव आगे निकल गया। पुलिस नहर में शव की तलाश करा रही है। इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर स्थित सरयू नहर में एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नवजात का शव नहर के पानी के थपेड़ों में फंसा हुआ दिखाई दिया। काफी देर तक पानी में फंसे रहने के बाद शव आगे बहने लगा, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना दी। नवजात का शव देखते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
एक-दो दिन का बताया जा रहा नवजात
स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चा करीब एक से दो दिन का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि जन्म के बाद किसी ने नवजात को नहर में फेंक दिया होगा, हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि नवजात का शव इसी क्षेत्र में फेंका गया था या पानी के बहाव के साथ कहीं और से बहकर आया है।
पुलिस कर रही शव की तलाश
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और नवजात के शव को नहर से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। सवाल यह है कि आखिर नवजात को जन्म देने के बाद किसने नहर में फेंका? अगर यह सच है, तो वह ममता और मां का प्यार कहां चला गया? पुलिस जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी। इस बारे में चौकी प्रभारी सीताद्वार अरुण कुमार सिंह का कहना है कि ग्रामीणों के अनुसार शव सुबह आठ बजे देखा गया था। सूचना के बाद टीम के साथ शव की नदी में तलाश कराई जा रही है।
