Muzaffarnagar: गंगाजल चोरी की अफवाह फैलाना पड़ा भारी, आरोपी पर पुलिस का शिकंजा
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के सिखेड़ा क्षेत्र में कांवड़ियों के लिये लगाये गये शिविर से गंगाजल चोरी होने की अफवाह फैलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। कांवड़ यात्रा के पावन समय के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने और धार्मिक भावनाओं को भड़काने के आरोप में पुलिस ने यह त्वरित कार्रवाई की है।
आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार ने शनिवार को बताया कि सिखेड़ा थाना क्षेत्र में गंग नहर मार्ग पर गुधेड़ी गांव के पास एक कांवड़ शिविर में अपना गंगाजल चोरी होने की अफवाह फैलाने के आरोप में शुक्रवार को रामवीर शर्मा नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अफवाह फैलाने वाले मुख्य व्यक्ति को चिन्हित कर हिरासत में ले लिया है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो शर्मा गंगाजल चोरी होने का दावा झूठा साबित हुआ, जिसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
