यूपी पुलिस की दरोगा अस्मिता डे को सीएम योगी समेत यूपी DGP ने दी बधाई, बताया गर्व का क्षण
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं की 48 किलोग्राम जूडो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस की उपनिरीक्षक अस्मिता डे को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने बधाई दी है।
लखनऊ। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं की 48 किलोग्राम जूडो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस की उपनिरीक्षक अस्मिता डे को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने बधाई दी है। सभी नेताओं ने उनकी इस उपलब्धि को देश और उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि अस्मिता डे ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर वैश्विक मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि देश की बेटियों का साहस, अनुशासन, संकल्प और मेहनत पूरे देश के लिए प्रेरणा है और अस्मिता की यह स्वर्णिम यात्रा आगे भी जारी रहे, यही शुभकामना है।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2083241912329494954?s=20
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अस्मिता डे के साथ पुरुषों की 60 किलोग्राम जूडो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले हर्ष सिंह को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अपने अथक परिश्रम और अटूट संकल्प से देश का मान बढ़ाया है।
https://twitter.com/kpmaurya1/status/2083418710069633302?s=20
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी अस्मिता डे को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि उनकी यह सफलता पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
https://twitter.com/brajeshpathakup/status/2083231871354445850?s=20
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने इसे उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि अस्मिता डे राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय जूडोका बनकर इतिहास रच चुकी हैं। यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि यह सफलता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा खेल प्रतिभाओं को दिए जा रहे प्रोत्साहन का भी प्रमाण है।
https://twitter.com/dgpup/status/2083252200177090758?s=20
फाइनल में कनाडा की खिलाड़ी को हराकर रचा इतिहास
अस्मिता डे ने शुक्रवार को ग्लासगो में खेले गए महिलाओं की 48 किलोग्राम जूडो स्पर्धा के फाइनल में कनाडा की हेइडी क्वाच को रोमांचक गोल्डन स्कोर मुकाबले में हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही वह राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय जूडोका बन गई हैं।
